भास्कर न्यूज | जशपुरनगर जिले के बगीचा तहसील में दुर्गा मंदिर में पूजा व आरती को बाधित करने के मामले को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। इस मामले को लेकर 7 जनवरी को हिंदू संगठनों द्वारा किए गए धरना प्रदर्शन में भड़काउ भाषण देने के आरोप में मां खुड़िया रानी मातृशक्ति की अध्यक्ष प्रतिभा सिंह के विरूद्व बगीचा थाना में बीएनएस की धारा 196 (1-ख),299,302 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। प्रतिभा सिंह पर सार्वजनिक मंच से भड़काऊ भाषण देने का आरोप लगाते हुए मुस्लिम समाज की ओर से शिकायत की गई थी। प्रतिभा सिंह के खिलाफ हुई इस पुलिस की कार्रवाई को लेकर हिंदू संगठन लामबंद होने लगे है। रविवार को एफआईआर की सूचना मिलते ही बगीचा के दुर्गा मंदिर में महिला मंडल की बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में एफआईआर की कार्रवाई का कड़ा विरोध करने का निर्णय लिया गया है। बता दें कांग्रेस के जिला सचिव नासिर अली खान ने मंदिर के अंदर घुस कर पुजारी और श्रद्धालुओं से बदसलुकी करते हुए माता रानी की पूजा और आरती को बाधित किया था। इस मामले में पुजारी भूपेंद्र की शिकायत पर आरोपी नासीर अली खान के विरुद्ध बगीचा पुलिस ने धारा 196 (2),299 के अंतर्गत नासिर अली के विरुद्ध एफआईआर दर्ज किया था। लेकिन एफआईआर के चंद घंटो के बाद ही न्यायालय से जमानत मिल जाने से नाराज हिंदू संगठनों ने 6 जनवरी को बगीचा में रैली और सभा का आयोजन किया था। बगीचा के बस स्टैण्ड में आयोजित सभा में प्रतिभा सिंह पर भड़काऊ भाषण देने का आरोप लगा है। इधर, प्रतिभा सिंह के विरूद्व आपराधिक मामला दर्ज किए जाने के बाद हिंदू संगठन से जुड़ी महिलाएं भी लामबंद हो कर थाना पहुंच गई। एसडीओपी दिलीप कोसले से 7 जनवरी को आरोपी नासिर अली के विरूद्व कार्रवाई को लेकर सौंपें गए ज्ञापन पर की गई कार्रवाई की जानकारी मांगते हुए,थाना के प्रवेश द्वार पर बैठ गई।


