शिवपुरी में भतीजी के साथ छेड़छाड़ का विरोध करने पर 4 बदमाशों ने चाचा को सरेराह पीटा। पत्थर मारकर चाचा-भतीजी को चोट पहुंचाने की कोशिश की। मौके पर इकट्ठा हुए लोगों ने उन्हें बचाया। इसी बीच 3 बदमाश भाग निकले। एक को लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। मामला ग्वालियर बायपास पर रविवार शाम 5 बजे का है। इसका वीडियो सोमवार को सामने आया है। पुलिस ने केस दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश में टीमें रवाना कर दी हैं। स्थानीय पार्षद ने सोशल मीडिया पर पोस्ट जारी कर बदमाशों को पकड़ने वाले पुलिसकर्मियों को इनाम देने की बात कही है। लाइब्रेरी से लौट रही थी नाबालिग
पुलिस के मुताबिक, रविवार शाम को नाबालिग अपने चाचा के साथ लाइब्रेरी से पढ़ाई कर बाइक से लौट रही थी। उनके साथ चल रही दो अन्य बाइकों पर सवार 4 लड़कों ने नाबालिग पर अश्लील कमेंट किया। उसके चाचा ने विरोध किया तो बदमाशों ने उनकी बाइक रुकवा ली। चाचा को पकड़कर लात-घूंसों और बेल्ट से मारपीट शुरू कर दी। देखिए, वारदात की दो तस्वीरें… घरों पर ताले डालकर भाग निकले तीन बदमाश
सड़क पर मारपीट होती देख कुछ राहगीर रुक गए। उन्होंने चाचा-भतीजी को बदमाशों से बचाया। पुलिस को फोन किया। एक बदमाश को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी। कोतवाली पुलिस के पहुंचने पर उसे सौंप दिया। कोतवाली प्रभारी कृपाल सिंह राठौड़ ने बताया कि राजा शाक्य, आमिर और उनके दो अज्ञात साथियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। राजा शाक्य गिरफ्त में है। अन्य तीन बदमाशों के घरों में ताला लटका मिला है। उनकी तलाश की जा रही है। आरोपियों का जुलूस निकालने की मांग, इनाम घोषित
चाचा-भतीजी के साथ मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों ने सोशल मीडिया पर बदमाशों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की मांग की है। भाजपा पार्षद विजय शर्मा ने बदमाशों को पकड़कर उनका जुलूस निकाले जाने पर पुलिस का स्वागत करने और 1100 रुपए का इनाम देने की घोषणा की है। वहीं, पोहरी विधानसभा से कांग्रेस विधायक कैलाश कुशवाह ने कहा- अगर प्रशासन मनचलों पर कड़ी कार्रवाई नहीं करता है तो वे धरने पर बैठेंगे।


