भास्कर न्यूज| चाईबासा तांतनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत खड़िया सिंदुरी के पास अनियंत्रित तेज रफ्तार बाइक पेड़ से टकरा गई। इस घटना में बाइक सवार कुंभराम गांव निवासी दो युवकों की मौत हो गई। मृतकों में जाडूंका हेंब्रम और दूसरा मुकरू लोहार शामिल हैं। बाइक इतनी रफ्तार में थी कि पेड़ में टकराने के बाद बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं दोनों युवकों के सिर में गंभीर चोट लगी। घटना के बाद मुकरू लोहार बेहोश हो गया। वहीं जांडूका हेंब्रम की सांसे चल रही थी। इसकी सूचना पर तांतनगर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दोनों घायलों को वाहन पर चढ़ाने के दौरान घायलों की सांसे थम गई। दोनों घायलों को जब पुलिस सदर अस्पताल पहुंचाई तो चिकित्सक ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना के संबंध में बताया गया कि घटना से पूर्व भरभरिया हाट पहुंचे गांव के ही दो युवक फोन पर मुकरू और जांडूका को जल्द पहुंचने के लिए बोल रहे थे। फोन पर बात होने के बाद मुकरू और जांडूका बाइक पर तेज रफ्तार में भरभरिया की ओर जा रहे थे। इसी क्रम में खड़िया सिंदूरी गांव के पास अनियंत्रित बाइक सड़क से उतरकर पेड़ से टकरा गई। दोनों युवक शादीशुदा बताए जा रहे हैं। मुकरू लोहार दो बच्चों का पिता है, वहीं जाडूंका हेंब्रम की हाल ही में शादी हुई थी।


