भर्ती:व्यापमं से अपेक्स बैंक की भर्ती परीक्षा 2 साल बाद सितंबर में होगी

अपेक्स बैंक एवं अन्य जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के तहत ही कनिष्ठ प्रबंधक, उप प्रबंधक के कुल 23 पदों पर भर्ती होगी। इसके लिए 29 अक्टूबर 2023 को व्यापमं से परीक्षा होने वाली थी। लेकिन यह परीक्षा करीब दो साल बाद होगी। 7 सितंबर 2025 को व्यापमं से आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा में हुई देरी को लेकर सवाल उठ रहे हैं। युवाओं का कहना है कि जब इस भर्ती के लिए विज्ञापन जारी हो चुका था। आवेदन मंगाए जा चुके थे। भर्ती के लिए शेड्यूल भी पहले जारी किया गया था। फिर स्थगित होने के बाद इस परीक्षा की नई तारीख घोषित करने इतनी देरी क्यों हुई? इसका जवाब भी दिया जाना च​ाहिए। उधर, राज्य में व्यापमं से साल की पहली भर्ती सब इंजीनियर के लिए निकलेगी। इसके लिए आवेदन 15 फरवरी के बाद मंगाए जाएंगे। जबकि परीक्षा अप्रैल में होगी। इसे लेकर व्यापमं से तैयारी की जा रही है। सालभर पहले व्यापमं से जनवरी-फरवरी में मत्स्य निरीक्षक के लिए वैकेंसी निकली थी। इसके बाद से पूरे साल व्यापमं से कोई नई वैकेंसी नहीं निकली। पिछले दिनों व्यापमं से सालभर का एग्जाम कैलेंडर जारी किया गया। इसके अनुसार 9 मार्च से लेकर 21 दिसंबर 2025 तक 32 परीक्षाएं होंगी। इनमें 22 भर्ती और 10 प्रवेश परीक्षाएं शामिल हैं। इसमें कुछ नई और कुछ पुरानी भर्तियां हैं। नई वैकेंसी की शुरुआत लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (पीएचई) में सब इंजीनियर भर्ती से होगी। इसके लिए विभाग से विज्ञापन जारी हो चुका है। कुल 128 पदों पर भर्ती होगी। इसमें 118 सिविल और 10 पद विद्युत/ यांत्रिकी सब इंजीनियर के लिए है। इन पदों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता मान्यता प्राप्त संस्थान से सिविल, मैकेनिकल व इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में तीन वर्षीय डिप्लोमा है। इसके लिए आवेदन अगले महीने से मंगाए जाएंगे। परीक्षा की संभावित तारीख पहले ही जारी की जा चुकी है। इसके अनुसार परीक्षा 27 अप्रैल को होगी। इसके बाद फिर 1 मई से लेकर प्रवेश परीक्षाओं का दौर शुरू हो जाएगा। नई वैकेंसी फिर सहायक विकास विस्तार अधिकारी (एडीईओ) के लिए आएगी। छत्तीसगढ़ पंचायत एवं ग्रामीण विकास के तहत 200 पदों पर भर्ती होगी। इसके लिए भी विज्ञापन जारी हो चुका है। इसके बाद फिर लोक निर्माण विभाग, जल संसाधन विभाग समेत अन्य के लिए वैकेंसी आएगी। इन परीक्षाओं के लिए भरे जा चुके हैं फॉर्म व्यापमं के एग्जाम कैलेंडर 2025 के अनुसार पहली पहली प्रयोगशाला सहायक कृषि विभाग के लिए हो रही है। यह 9 मार्च को आयोजित की जाएगी। इसके लिए अक्टूबर 2023 में विज्ञापन जारी हुआ था। प्रयोगशाला सहायक के कुल 9 पदों पर भर्ती के लिए यह परीक्षा होगी। इसी तरह 23 मार्च को मत्स्य निरीक्षक के लिए भर्ती परीक्षा होगी। मछली पालन विभाग में कुल 70 पदों पर मत्स्य निरीक्षक की भर्ती होगी। इसके लिए जनवरी-फरवरी 2024 में आवेदन मंगाए गए थे। इसके बाद 13 अप्रैल को सहायक सांख्यिकी अधिकारी कृषि विभाग की परीक्षा होगी। इसके लिए अक्टूबर 2023 में 17 पदों पर वैकेंसी निकली थी। इस तरह से व्यापमं से पहली नई भर्ती पीएचई सब इंजीनियर की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *