भास्कर न्यूज | अमृतसर भवन्स एसएल पब्लिक स्कूल में भवन्स अमृतसर केंद्र के संस्थापक पीडी कुमार की पुण्यतिथि श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर स्कूल कार्यकारिणी द्वारा एक भव्य गायत्री हवन का आयोजन किया गया, जिसमें स्कूल के अध्यक्ष अविनाश महेन्द्रू, निर्देशिका डॉ. अनीता भल्ला, प्राचार्या सोनिया सदेव और सचिव एसएन जोशी सहित प्रबंधन के अन्य सदस्य विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ गणेश वंदना से हुआ, जिसके पश्चात विद्यार्थियों और शिक्षकों ने मिलकर 108 बार गायत्री मंत्र का जाप किया। भजन-कीर्तन के माध्यम से पूरे परिसर का वातावरण आध्यात्मिक हो गया। संस्थापक को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए अध्यक्ष अविनाश महेन्द्रू ने उनके दयालु स्वभाव और मानवता के उत्थान के लिए किए गए कार्यों को याद किया।


