भस्कुरा, मेढ़ुका हाई स्कूल में कम उपस्थिति पर कलेक्टर नाराज:स्टूडेंट्स की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, अध्ययन-अध्यापन का भी जायजा लिया

गौरेला पेंड्रा मरवाही जिले की कलेक्टर लीना कमलेश मंडावी ने शनिवार को शासकीय हाई स्कूल भस्कुरा और शासकीय हाई स्कूल मेढ़ुका का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने स्कूलों में स्टूडेंट्स की कम उपस्थिति पर नाराजगी व्यक्त की। कलेक्टर ने शिक्षकों को शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान, भस्कुरा स्कूल की 10वीं कक्षा में दर्ज 29 स्टूडेंट्स में से 18 गैरमौजूद पाए गए। इसी प्रकार, मेढ़ुका हाई स्कूल की 10वीं कक्षा में दर्ज 22 स्टूडेंट्स में से 10 गैरहाजिर मिले। कलेक्टर ने भस्कुरा हाई स्कूल में 10वीं कक्षा में जाकर बच्चों के अध्ययन-अध्यापन का भी जायजा लिया। कलेक्टर ने बताया कि एक सप्ताह बाद वह या उनका प्रतिनिधि स्कूलों का दोबारा निरीक्षण करेंगे। उन्होंने शिक्षकों से कहा कि बच्चों को पढ़ाना उनका नैतिक दायित्व है। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि परीक्षा की तिथियां जारी हो चुकी हैं और बोर्ड परीक्षाओं में अब केवल दो महीने बचे हैं। पिछले साल जिले में 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं का रिज़ल्ट संतोषजनक नहीं था। कलेक्टर ने आगामी बोर्ड परीक्षा में शत-प्रतिशत परिणाम लाने का लक्ष्य निर्धारित किया। उन्होंने शिक्षकों को पालकों से संपर्क करने, घर-घर जाकर बच्चों को स्कूल लाने, पाठ्यक्रम पूरा करने, अतिरिक्त कक्षाएं लेने, कमजोर बच्चों पर विशेष ध्यान केंद्रित करने, अनावश्यक छुट्‌टी से बचने और अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने के निर्देश दिए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *