लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेता राहुल गांधी 17 जनवरी को सुबह 11:30 बजे इंदौर आएंगे। उनके दौरे को लेकर सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हैं। गुरुवार रात सीआरपीएफ की 17 सदस्यीय टीम शहर पहुंची और शुक्रवार को स्थानीय पुलिस व प्रशासन के साथ बैठक कर सुरक्षा प्लान तय करेगी। राहुल गांधी का मुख्य कार्यक्रम भागीरथपुरा में है, जहां वे दूषित पानी से हुई 23 मौतों के पीड़ितों से मिलेंगे और धरना दे सकते हैं। सुरक्षा एजेंसियों ने भागीरथपुरा को हाई रिस्क जोन मानते हुए विशेष रणनीति बनाई है। सीआरपीएफ-पुलिस संयुक्त टीम रिहर्सल, सर्चिंग, सीसीटीवी जांच और ड्रोन निगरानी करेगी। नगर अध्यक्ष चिंटू चौकसे और जिलाध्यक्ष विपिन वानखेड़े के मुताबिक एयरपोर्ट पर, केवल चुनिंदा नेताओं को अनुमति मिलेगी।


