भास्कर न्यूज | चिरमिरी भारतीय जनता पार्टी के संगठनात्मक विस्तार और ओबीसी समाज को सशक्त बनाने की दिशा में ओबीसी मोर्चा एमसीबी जिला की नई कार्यकारिणी की घोषणा कर दी है। जिला अध्यक्ष अभय जायसवाल ने इसकी औपचारिक जानकारी देते हुए कहा कि प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय व प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव के मार्गदर्शन में ओबीसी मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष अशोक साहू के निर्देशानुसार और भाजपा जिला अध्यक्ष चंपा देवी पावले की सहमति से इस कार्यकारिणी का गठन किया है। जायसवाल ने कहा कि नई कार्यकारिणी का गठन संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के उद्देश्य से किया गया है। इसमें नवयुवाओं को अधिक अवसर प्रदान करते हुए उनकी ऊर्जा और नेतृत्व क्षमता का लाभ संगठन को देने की योजना बनाई गई है। साथ ही महिलाओं को भी उचित प्रतिनिधित्व देकर उन्हें संगठन की मुख्यधारा से जोड़ा है, जिससे सामाजिक संतुलन और सहभागिता को बढ़ावा मिल सके। उन्होंने कहा जिले के सभी 9 मंडलों से सक्रिय, समर्पित और कर्मठ कार्यकर्ताओं को शामिल कर एक मजबूत और प्रभावी टीम तैयार की है। करीब 100 से अधिक कार्यकर्ताओं की सहभागिता के साथ जिला कार्यकारिणी बनी है।


