सरगुजा के मैनपाट में 7 से 9 जुलाई तक होने वाले भाजपा के चिंतन शिविर के दौरान मैनपाट में सुरक्षा के कड़े इंतजाम होंगे। इस दौरान आम सैलानियों के लिए मैनपाट लगभग बंद रहेगा। भाजपा के तीन दिवसीय चिंतन एवं प्रशिक्षण शिविर की तैयारी पूरी हो गई है। व्यवस्था की जवाबदेही पूर्ववर्ती भूपेश सरकार के कार्यकाल में विवाद में आए एजेंसी मेसर्स व्यापक इंटरप्राइजेस को दी गई है। भाजपा के तीन दिवसीय चिंतन शिविर का शुभारंभ भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा करेंगे। समापन में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी शामिल होंगे। शिविर में छत्तीसगढ़ के सभी भाजपा सांसद, मुख्यमंत्री, मंत्री और विधायक शामिल होंगे। इस बड़े आयोजन को लेकर तैयारी पूरी कर ली गई है। छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम अरूण साव सहित अन्य मंत्री एवं विधायक रविवार शाम को मैनपाट पहुंच जाएंगें। सुरक्षा में 700 जवान रहेंगे तैनात
तीन दिनों तक भाजपा व RSS के राष्ट्रीय नेता सहित सभी सांसद एवं छत्तीसगढ़ के सीएम सहित सभी मंत्री व विधायक मैनपाट में रहेंगे। इस दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहेंगे। मैनपाट में सुरक्षा के लिए 3 एसपी, 3 एडिशनल एसपी, 15 डीएसपी के साथ बड़ी संख्या में टीआई, एसआई, एएसआई और 700 जवान तैनात रहेंगे। रविवार से लेकर चार दिनों तक मैनपाट पहुंचने वालों की जांच पड़ताल होगी। इसलिए माना जा रहा है कि चार दिनों तक मैनपाट आम सैलानियों के लिए लगभग बंद रहेगा। यहां सभी पर्यटन स्थलों के साथ चौक चौराहों पर पुलिस टुकड़ी तैनात रहेगी। विवादों में आए एजेंसी को भाजपा ने दिया जिम्मा
भूपेश सरकार के कार्यकाल में विवादों में आए मेसर्स व्यापक इंटरप्राइजेज के हाथों में भाजपा ने चिंतन शिविर की व्यवस्था सौंपी है। इस एजेंसी को लेकर कांग्रेस और भाजपा के बीच खूब जुबानी जंग भी छिड़ी थी। बोरे बासी कार्यक्रम में हुई गड़बड़ी की जांच के लिए गठित समिति ने जांच की थी। जांच में पता चला कि मेसर्स व्यापक इंटरप्राइजेज को 8 करोड़ के कार्यक्रम के लिए बिना टेंडर और कोटेशन के 8 घंटे के अंदर ही वर्क ऑर्डर दे दिया गया था। 8 घंटे में ही फाइल का काम व्यापक को सौंप दिया गया और 29 अप्रैल तक सभी कार्य करने को कहा गया। 15 मई को बिल लगा और 16 जून को टीडीएस जीएसटी कटौती के बाद 8.04 करोड़ का भुगतान कर दिया गया। चिंतन शिविर के व्यवस्था प्रभारी अखिलेश सोनी ने कहा कि कार्यक्रम छत्तीसगढ़ भाजपा का है। इसमें टेंट व अन्य व्यवस्था बाहर से हो रहा है। कैटरिंग का काम उमेश गुप्ता को दिया गया है। भुगतान भी छत्तीसगढ़ भाजपा द्वारा किया जाएगा।


