करौली में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को जिला कार्यालय में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। संभाग प्रभारी हेमराज मीणा की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में अधिक से अधिक पात्र मतदाताओं को जोड़ने पर जोर दिया गया। संभाग प्रभारी हेमराज मीणा ने एसआईआर प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बीएलए-2 के साथ समन्वय स्थापित कर घर-घर जाकर कार्य करने का आह्वान किया। मीणा ने निर्देश दिए कि अगले 8 से 10 दिनों में 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं सहित अधिकतम योग्य मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़े जाएं। यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया कि कोई पात्र मतदाता छूटे नहीं और कोई अपात्र नाम शामिल न हो। इस अवसर पर सांसद प्रत्याशी इंदू देवी ने कहा कि वर्ष 2002 के बाद अब एसआईआर का कार्य हो रहा है, इसलिए सभी कार्यकर्ता बूथ स्तर पर पूरी गंभीरता से इस कार्य को संपन्न करें। जिला महामंत्री सुरेश शुक्ला ने अब तक हुए एसआईआर कार्य की प्रगति पर प्रकाश डाला। बैठक का मंच संचालन योगेश शर्मा और योगी द्वारा किया गया। बैठक में जिला उपाध्यक्ष अजयपाल और पुष्पेंद्र बंसल, जिला मंत्री आरती बैसला, पूर्व जिला महामंत्री धीरेंद्र बैसला, कार्यालय मंत्री गोपाल शर्मा, आईटी सेल जिला संयोजक योगेन्द्र सिंगल, मीडिया जिला संयोजक मुकेश सोनी, जिला प्रवक्ता जितेन्द्र सिंह पिचानोत, ओबीसी प्रकोष्ठ जिला संयोजक राजेंद्र वर्मा सहित विभिन्न मंडलों के अध्यक्ष, पदाधिकारी और सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


