भाजपा किसान मोर्चा अध्यक्ष राजकुमार चाहर ग्वालियर पहुंचे:किसानों की पट्टे की जमीन पर कब्जे पर बोले- प्रशासन निगरानी कर रहा है

भारतीय जनता पार्टी केंद्रीय बजट 2026-27 की खूबियों को देशभर में अभियान चलाकर बता रही है। इसी कड़ी में सांसद और भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार चाहर ग्वालियर पहुंचे। उन्होंने यहां मीडिया से बातचीत की और कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर अपनी बात रखी। चाहर ने भारत और अमेरिका के बीच हुई ट्रेड डील पर उठ रहे सवालों का जवाब दिया। उन्होंने कहा कि इस डील से किसानों पर कोई संकट नहीं है। वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल पहले ही इस संबंध में बयान दे चुके हैं कि किसानों के हितों के साथ कोई समझौता नहीं किया गया है। मध्य प्रदेश और ग्वालियर में किसानों की पट्टे की जमीनों पर स्थानीय दबंगों के कब्जे के सवाल पर भाजपा सांसद ने कहा कि जिला प्रशासन और स्थानीय नेता इस मामले पर नजर रखे हुए हैं। उन्होंने बताया कि यह जानकारी उनके संज्ञान में भी है और इस पर उचित कार्रवाई की जाएगी। भाजपा नेता ने केंद्रीय बजट की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि 2014 से पहले कांग्रेस शासनकाल में कृषि बजट 25 हजार करोड़ रुपये था, जो अब बढ़कर 1.35 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। उन्होंने किसानों के लिए चलाई जा रही अन्य योजनाओं का भी जिक्र किया। इनमें प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, यूरिया और डीएपी खाद पर अनुदान, मुफ्त बिजली जैसी योजनाएं शामिल हैं। इसके अलावा, बाजरा जैसे उत्पादों को ‘मिलेट ईयर’ मनाकर विशेष महत्व दिया गया है। इस अवसर पर मुरैना सांसद शिवमंगल सिंह तोमर, ग्वालियर सांसद भारत सिंह कुशवाहा और प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *