भाजपा नेता व सरपंच प्रत्याशी की गुंडागर्दी:महिला का हाथ पकड़कर नहीं भरने दिया नामांकन, गाड़ी रोककर बोला- बाहरी प्रत्याशी को नहीं भरने दूंगा पर्चा

मुंगेली जिले के पथरिया क्षेत्र में भाजपा नेता और सरपंच प्रत्याशी की गुंडागर्दी करने का मामला सामने आया है। यहां निर्विरोध सरपंच बनने की चाहत में उसने दिव्यांग अधेड़ के साथ गाली-गलौज किया। साथ ही उसकी पत्नी का हाथ पकड़कर नामांकन जमा करने से रोक दिया। इस पूरे मामले में नामांकन जमा करने वाले पीठासीन अधिकारी की भूमिका पर भी सवाल उठ रहा है। पीड़ित पक्ष ने मामले की शिकायत पुलिस से की है। दरअसल, ग्राम पंचायत खुटेरा में भाजपा नेता विनोद सिंह ठाकुर ने सरपंच पद के लिए नामांकन जमा किया है। वो खुद निर्विरोध सरपंच बनने की कोशिश में है। लेकिन, गांव के दिव्यांग व्यक्ति रघु सिंह ठाकुर सरपंच पद के लिए नामांकन जमा करना चाहते थे। बीते 3 फरवरी को रघु सिंह अपनी पत्नी शैल ठाकुर के साथ नामांकन जमा करने ग्राम सिलदहा गए थे। इस दौरान पहले रास्ते में उसकी गाड़ी को विनोद सिंह ने रोक लिया। इस दौरान वह धमकाने लगा कि वो निर्विरोध सरपंच बन रहा है, इसलिए कोई और दूसरा नामांकन जमा नहीं कर सकता। महिला का पकड़ा हाथ, किसी ने नहीं रोका
रघु सिंह ने इस पूरे मामले की शिकायत पथरिया पुलिस के साथ ही कलेक्टर और एसपी से की है। इसमें बताया है कि विनोद सिंह ने उसकी पत्नी का हाथ पकड़कर रोक दिया। उसके साथ गांव के 10-12 लोग थे, जिन्होंने उनकी गाड़ी को जबरदस्ती रोक दिया। आधा घंटा तक नामांकन जमा नहीं करने के लिए उस पर दबाव बनाया गया। इस दौरान उसे और उनकी पत्नी को जान से मारने की धमकी दी गई। पीठासीन अधिकारी की भूमिका पर सवाल
शिकायत में उन्होंने बताया कि वो अपनी गाड़ी को पथरिया थाने में छोड़कर दूसरी गाड़ी करके नामांकन जमा करने पहुंचे। लेकिन, पीठासीन अधिकारी ने करीब आधा घंटा पहले ही दरवाजा बंद कर दिया था। इसके बाद भी वो छोटे से जगह से हाथ डालकर नामांकन पत्र जमा किया। लेकिन, बिना किसी गलती के उनका नामांकन निरस्त कर दिया गया। पीठासीन अधिाकरी ने नामांकन निरस्त का कारण भी नहीं बताया। उन्होंने इस मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *