भाजपा नेता सीता सोरेन की फिर झामुमो में वापसी की तैयारी शुरू हो गई हैं। चर्चा है कि वे पार्टी प्रमुख शिबू सोरेन से मिलकर घर वापसी का आग्रह कर चुकी हैं। अब विधिवत बुलावे का इंतजार हैं। वे एक फरवरी को दुमका पहुंच रही हैं। वहां दो फरवरी को झामुमो का स्थापना दिवस समारोह है। इस मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत झामुमो के अधिकतर वरिष्ठ नेता दुमका में रहेंगे। सब कुछ तय कार्यक्रम के अनुसार चला तो वे झामुमो के स्थापना दिवस समारोह के मंच पर हो सकती हैं। हालांकि जिस तरह सीता सोरेन ने झामुमो छोड़कर भाजपा की सदस्यता ली थी और परिवार के झगड़े को सड़क पर ला दिया था, उसे देखते हुए हेमंत सोरेन का सीता सोरेन की घर वापसी पर फैसला लेना कठिन निर्णय होगा। उधर, सीता सोरेन ने कहा कि समय और परिस्थिति को कौन जानता है। वह मेरा अपना ही घर है। सब कुछ हमारा ही बनाया हुआ है। वह आज भी वैसा ही है, जैसा कल था। राजनीतिक दलों के नेताओं का एक जगह से दूसरी जगह आना-जाना लगा रहा है। लेकिन, हम अभी जहां हैं, वहां हैं। अभी हम जहां हैं, वहीं पर हैं, आगे समय-परिस्थिति को कौन जानता है : सीता क्या आपकी झामुमो में वापसी की तैयारी है? -क्या है, क्या नहीं, इसके बारे में तो सब कुछ समय बताता है। हम जहां हैं, अभी वहां हैं। आगे समय-परिस्थिति को कौन जानता है… पर, चर्चा जोरों पर है कि आप झामुमो में जा रही हैं? -चर्चा करने वाले को चर्चा करने दीजिए। कहा जा रहा है कि 2 फरवरी को दुमका में झामुमो के स्थापना दिवस समारोह के मंच पर आप झामुमो में शामिल होंगी? -ऐसी बात हो रही है, तो होने दीजिए। वह भी मेरा अपना घर है। हम इससे इनकार थोड़े कर सकते हैं। वह तो अपना ही है। सब कुछ हमारा ही बनाया हुआ है। वह आज भी वैसा है, जैसा कल था। यानी भविष्य में झामुमो में जाने की प्लानिंग है? -भविष्य को किसने देखा है। भविष्य की प्लानिंग वक्त पर छोड़ दिया है। वैसे भी नेताओं का एक जगह से दूसरी जगह आना-जाना तो लगा रहता है। अभी इसमें क्या कहना है। हम समय पर बोलते हैं। फिर आज दुमका क्यों जा रही हैं? -दो फरवरी को दुमका में कई कार्यक्रम हैं। सरस्वती पूजा का निमंत्रण भी है। मैं उसमें शामिल होने के लिए वहां पहुंच रही हूं। कुछ भी स्पष्ट कहने से बच रहे झामुमो-भाजपा नेताझामुमो व भाजपा नेता स्पष्ट रूप से बोलने से बच रहे हैं। झामुमो महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने तो टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। वहीं दुमका विधायक बसंत सोरेन ने कहा कि अभी पुख्ता तौर पर कुछ स्पष्ट नहीं है। वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने इस्तीफे के सवाल पर कहा कि मुझे ऐसी सूचना नहीं है।


