भाजपा नगर मंडल सिरोही ने पूर्व विधायक संयम लोढ़ा द्वारा सनातन धर्म के प्रति पूर्वाग्रह से प्रेरित होकर धरना प्रदर्शन की चेतावनी देने की कड़ी निंदा की है। भाजपा का आरोप है कि पूर्व विधायक बार-बार सनातन धर्म के विरोध में अनर्गल बयानबाजी करते हैं, जो अनुचित है। भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष चिराग रावल ने बताया कि आदर्श विद्या मंदिर पिछले 30 वर्षों से रामझरोखा परिसर में निर्विवादित रूप से संचालित हो रहा है। इसके भवन का किराया और बिजली का बिल समय-समय पर भरा जा रहा है। रावल के अनुसार इस स्कूल परिसर को लेकर आज तक किसी सनातनी को कोई आपत्ति नहीं है और स्कूल में सभी सनातनी बच्चे ही पढ़ते हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व विधायक लोढ़ा शुरू से ही सनातनी विरोधी रहे हैं, जैसा कि उनके राम मंदिर पर बयानबाजी और हिंदू संस्कृति पर बार-बार कुठाराघात करने से स्पष्ट होता है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि कालंद्री और सिरोही में बड़े-बड़े मदरसे संचालित हो रहे हैं, जिनका कोई विरोध नहीं किया जाता। रावल ने आगे कहा कि प्राचीन परंपरा के अनुसार एक मंदिर के साथ गुरुकुल की परंपरा रही है, और विद्या मंदिर आज के युग में एक आधुनिक गुरुकुल है। यह स्कूल प्रतिवर्ष 50 लाख रुपए की सेवा निधि एकत्र करके अभावग्रस्त लोगों की सहायता के लिए भेजता है। यहां पढ़ने वाले बच्चों के जीवन में संस्कार और संस्कृति दिखती है और वे देशभक्त होते हैं। रावल ने जोर देकर कहा कि देश में बन रहे अच्छे वातावरण में विद्या मंदिर के बच्चों की महत्वपूर्ण भूमिका है।


