भास्कर न्यूज | जालंधर दिल्ली विधानसभा में विपक्ष की नेता आतिशी द्वारा सिख गुरुओं के प्रति की गई कथित अपमानजनक टिप्पणी के विरोध में भारतीय जनता पार्टी जालंधर नॉर्थ इकाई ने मोर्चा खोल दिया है। मंडल प्रधान आशीष सहगल की अध्यक्षता में अड्डा होशियारपुर चौक पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया और आतिशी का पुतला फूंका। इस प्रदर्शन में मुख्य रूप से भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष व पूर्व विधायक केडी भंडारी शामिल हुए। भंडारी ने कहा कि सिख गुरु केवल किसी एक धर्म या समुदाय के नहीं, बल्कि पूरी मानवता के लिए आदरणीय हैं। उनके विरुद्ध की गई टिप्पणी बेहद निंदनीय है और भाजपा इसे किसी भी सूरत में सहन नहीं करेगी। भंडारी ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने बार-बार अपने कृत्यों से यह साबित किया है कि वह एक सिख विरोधी पार्टी है। उन्होंने मुख्यमंत्री मान पर भी निशाना साधते हुए कहा कि मान द्वारा अकाल तख्त साहिब के बारे में बार-बार की गई टिप्पणियां उनकी मानसिकता को दर्शाती हैं। वहीं श्रीराम चौक में भी दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान नेता प्रतिपक्ष आतिशी के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व भाजपा के वरिष्ठ नेता मनोरंजन कालिया ने किया, जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए। भाजपा कार्यकर्ताओं ने पंजाब की मान सरकार और आम आदमी पार्टी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कालिया ने मुख्यमंत्री भगवंत मान का जिक्र करते हुए कहा कि पूर्व में भी उनके द्वारा सिख गुरुओं के प्रति की गई टिप्पणियों के वीडियो वायरल हो चुके हैं। इस अवसर पर रवि महेंद्रू, हनी कम्बोज, अमित भाटिया, आरके मल्होत्रा और शुभम शर्मा सहित भारी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे। सभी ने एक सुर में आतिशी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की और पंजाब व दिल्ली सरकार के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की।


