भाजपा पार्षद से मारपीट:मुक्तिधाम की जमीन पर शवदाह को लेकर विवाद, 4 पर FIR

अशोकनगर जिले के शाढ़ौरा नगर परिषद के वार्ड नंबर 9 में भाजपा पार्षद हरिओम कुशवाह के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। यह विवाद मुक्तिधाम की जमीन पर शवदाह को लेकर हुआ। मारपीट की घटना का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पार्षद हरिओम कुशवाह को मारपीट में गर्दन और पीठ में चोटें आई हैं। उन्होंने बताया कि यह घटना मुक्तिधाम की जमीन से जुड़े विवाद के बाद हुई। पार्षद हरिओम कुशवाह के अनुसार, उन्होंने अपने वार्ड क्रमांक 9 पिपरोल में मरघट शाला (श्मशान घाट) निर्माण के लिए नगर परिषद शाढ़ौरा में भूमि चिह्नित करने का आवेदन दिया था। पटवारी द्वारा सर्वे क्रमांक 188/4 को इस कार्य के लिए चिह्नित किया गया था। कुछ समय पहले एक दुर्घटना में गोदा कुशवाह की पत्नी वैजयंती बाई का निधन हो गया था। उनके परिवार वालों ने चिह्नित मुक्तिधाम की जमीन पिपरोल में उनका दाह संस्कार किया था। इसी बात को लेकर संजीव रघुवंशी ने पार्षद हरिओम कुशवाह से पूछा कि उन्होंने उनकी जमीन पर शव क्यों जलवाया। पार्षद हरिओम ने स्पष्ट किया कि उन्होंने शव नहीं जलवाया, बल्कि परिवार वालों ने चिह्नित मरघट शाला वाली जमीन में दाह संस्कार किया था। इसी बात पर संजीव गाली-गलौज करने लगा। जब पार्षद ने मना किया, तो संजीव ने अपने परिवार के सदस्यों छुट्टी लाल रघुवंशी, दीपक रघुवंशी और मोनू रघुवंशी को बुला लिया। इसके बाद चारों आरोपियों ने मिलकर पार्षद हरिओम कुशवाह के साथ लात-घूसों से मारपीट की, जिससे उनकी गर्दन और पीठ पर चोटें आईं। घटना के बाद पार्षद हरिओम कुशवाह थाने पहुंचे। पुलिस ने संजीव रघुवंशी, दीपक रघुवंशी, छुट्टी लाल रघुवंशी और मोनू रघुवंशी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस घटना को लेकर वार्डवासी और कुशवाह समाज के लोगों में रोष है। समाज के वरिष्ठ लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो वे एक बड़ा आंदोलन करेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *