केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा संसद में बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर पर दिए गए बयान के बचाव में भाजपा संविधान गौरव दिवस मनाएगी। भाजपा 11 से 25 जनवरी तक संविधान के प्रति सम्मान और उसके मूल्य को बढ़ावा देने के लिए अभियान शुरू करेगी। अभियान का उद्देश्य संविधान के निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर की भूमिका के बारे में जागरूकता फैलाना है। इसके लिए जिला स्तर पर 4 और मंडल में तीन-तीन सदस्यों की टोली बनेगी। जिला व विधानसभा एवं मंडल स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री या भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की संभावना है। जानकारी के मुताबिक अभियान के दौरान भाजपा का विशेष ध्यान एससी बहुल आबादी वाले जिलों में रहेगा। विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन ने पिछले लोकसभा चुनाव के दौरान भाजपा द्वारा संविधान को कथित तौर पर कमजोर करने के मुद्दे को जोर-शोर से उठाया था। यह ऐसा मुद्दा रहा, जिसकी वजह से भाजपा को मतदाताओं के एक वर्ग का खासा नुकसान उठाना पड़ा था। वहीं हाल ही में संसद के शीतकालीन सत्र में भारत के संविधान की 75 साल की गौरवशाली यात्रा पर चर्चा हुई थी। इस दौरान कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के भाषण के एक अंश को मुद्दा बनाया और उन पर आंबेडकर का अपमान करने का आरोप लगाया। वहीं केंद्र सरकार ने 26 जनवरी को संविधान लागू किए जाने के 75 वर्ष पूरे होने का जश्न मनाने के लिए ‘हमारा संविधान, हमारा स्वाभिमान’ टैगलाइन के तहत एक अभियान भी शुरू किया है। पार्टी संगठन से कार्यक्रम आ चुका है भाजपा जिलाध्यक्ष सेवादास पटेल ने बताया कि पार्टी संगठन द्वारा 11 से 25 जनवरी तक संविधान गौरव दिवस मनाया जाएगा। इसके लिए जिला स्तर पर 4 व मंडल में 3-3 सदस्यों की टोली बनेंगी। पार्टी संगठन से कार्यक्रम आ चुके हैं।


