2 लाख से अधिक सरकारी पद खत्म कर दिए : आदित्य
भाजपा के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष आदित्य साहू ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि दोबारा सत्ता में आते ही हेमंत सरकार ने दो लाख से अधिक सरकारी पदों को खत्म कर दिया। ऐसे में सरकार को पद समाप्ति पत्र वितरित करना चाहिए। सरकार को बताना चाहिए कि आज जो 9 हजार नियुक्तियों का ढिंढोरा पीटा जा रहा है, उसमें इस सरकार ने कितनी वेकेंसी निकाली है। राज्य सरकार करोड़ों रुपए विज्ञापन और कार्यक्रमों पर खर्च कर अपनी पीठ थपथपा रही है। पर, वह यह नहीं बता रही है कि इनमें से अधिकतर नियुक्तियों का विज्ञापन पूर्ववर्ती रघुवर सरकार के समय निकाला गया था। राज्य सभा सदस्य ने कहा कि दरअसल इंडी गठबंधन योजनाओं को लटकाने, भटकाने और अटकाने में ज्यादा भरोसा करता है। 10 लाख नौकरी का वादा कर सत्ता में आने वाली राज्य सरकार 9 हजार से भी कम नियुक्ति पत्र बांट कर जश्न मना रही है। आज युवा हताश और निराश हैं। जीएसएससी सीजीएल की परीक्षा भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ चुकी है। बेरोजगारी भत्ता की चर्चा तक सरकार नहीं कर रही है। भाजपा सांसद का बयान युवा विरोधी : लाल किशोर
प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने भाजपा प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष आदित्य साहू के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि भाजपा सांसद का बयान उनकी युवा विरोधी मानसिकता और हेमंत सरकार की सफलता से उपजी हताशा को दर्शाता है। आदित्य साहू को मोरहाबादी मैदान में जाकर देखने की आवश्यकता थी। 50 वर्षों से अधिक उम्र के लोगों को भी नियुक्ति पत्र मिल रहा है। उनके परिवार में खुशियां हैं। गठबंधन सरकार की नियत साफ है कि हम आने वाला वर्ष रोजगार सृजन के वर्ष के रूप में मनाएंगे। शाहदेव ने कहा कि भाजपा को उनको बताना चाहिए कि उनके 5 साल के कार्यकाल में कितने लोगों को नौकरी दी गई। उन्होंने कहा कि लगभग 10,000 नियुक्ति पत्र वितरित करना हेमंत सरकार की ईमानदारी और कार्यशैली का प्रमाण है। कहा कि भाजपा को यह स्वीकार करना चाहिए कि पूर्ववर्ती रघुवर सरकार के कार्यकाल में भर्ती प्रक्रियाएं ठप पड़ी थीं। अगर कुछ प्रक्रियाएं शुरू भी हुई थीं, तो वह कानूनी पचड़ों में उलझकर रह गई थी।


