सतना जिले के नागौद क्षेत्र में भाजपा मंडल अध्यक्ष पुलकित टंडन ने पार्टी की ही एक महिला पदाधिकारी और उनकी बेटी के साथ मारपीट और बदसलूकी की। यह घटना 27 जनवरी की रात करीब 10 बजे की है। घटना के 2 वीडियो भी साामने आए। पहले वीडियो में आरोपी बीजेपी नेत्री की बेटी से मारपीट करता दिखा। दूसरे वीडियो में पीड़िता की मां और भाई से मारपीट करते दिखाई दे रहा है। शुक्रवार को भाजपा मंडल अध्यक्ष ने जिला अध्यक्ष को इस्तीफा सौंप दिया। गुरुवार को न्याय की मांग को लेकर कांग्रेस की पूर्व विधानसभा प्रत्याशी डॉ. रश्मि सिंह पटेल पीड़ित परिवार के साथ एसपी कार्यालय पहुंचीं और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तीन घंटे का अल्टीमेटम दिया। समय सीमा समाप्त होने के बाद शाम को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नागौद थाने का घेराव कर धरना दिया, जो करीब दो घंटे तक थाना परिसर में चला। पीड़िता भाजापा नेत्री की आपबीती- जिसे चाहे उसे छेड़ता है पीड़िता की मां भाजपा की पदाधिकारी हैं, उन्होंने कांग्रेस नेताओं की मौजूदगी में पीसीसी अध्यक्ष जीतू पटवारी से फोन पर बात कर अपनी आपबीती सुनाई। उन्होंने बताया कि भाजपा मंडल अध्यक्ष ने बेटी को घसीट-घसीट कर बेरहमी से पीटा और बेटी को बचाने पहुंचे परिवार के अन्य सदस्यों के साथ भी मारपीट की गई। पीड़िता की मां ने सवाल उठाया कि घटना के वीडियो सामने होने के बावजूद आरोपी की गिरफ्तारी अब तक क्यों नहीं हुई, जबकि छोटे अपराधों में तुरंत कार्रवाई हो जाती है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी के लोग लगातार धमकियां दे रहे हैं। यह आदमी इतना खतरनाक है कि जिसे चाहता है उसे छेड़ता है। पूरी बात सुनने के बाद पीसीसी अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भरोसा दिलाया कि वे इस मामले में स्वयं एसपी से बात करेंगे। आरोपी मंडल अध्यक्ष ने दिया इस्तीफा भाजपा जिलाध्यक्ष भगवती प्रसाद पांडेय को हाथ से लिखे पत्र में नागौद मंडल अध्यक्ष ने बताया कि हाल ही में उनके खिलाफ एक प्रकरण दर्ज किया गया है। यह मामला पहले हुई एक घटना को लेकर केवल एक पक्ष की शिकायत के आधार पर दर्ज किया गया है। उन्होंने पत्र में लिखा है कि दूसरे पक्ष ने उनका मोबाइल फोन अपने पास रख लिया था और उनकी दुकान से जुड़े कुछ वीडियो बिना अनुमति के कहीं भेज दिए। इसके अलावा उनका मोबाइल और डीवीआर लॉक करके बाद में वापस किया गया, जिस वजह से वे तुरंत सही तथ्यों को सामने नहीं रख पा रहे हैं। नागौद मंडल अध्यक्ष ने कहा कि जब तक वे इन तकनीकी बातों और पूरे मामले की सच्चाई स्पष्ट नहीं कर पाते, तब तक उनके ऊपर लगे आरोपों से भारतीय जनता पार्टी जैसी अनुशासित और राष्ट्रवादी पार्टी की छवि को नुकसान न पहुंचे, इसी कारण पार्टी की मर्यादा और सम्मान को देखते हुए वे अपनी इच्छा से नागौद भाजपा मंडल अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जैसे ही सच्चाई सामने आएगी, वे संगठन के सामने अपनी बात रखने का मौका चाहते हैं। पहले जान लीजिए पूरा मामला पीड़िता के परिवार का आरोप है कि पुलकित टंडन ने अपने कर्मचारी आरके उर्फ राजकुमार नामदेव के मोबाइल से युवती को फोन कर ब्राइडल कस्टमर से मिलने के बहाने अपनी ट्रेडिंग दुकान के गोदाम पर बुलाया। युवती ने इसकी जानकारी अपनी मां को दी और गोदाम पहुंची। वहां न तो कोई कस्टमर मौजूद था और न ही दुकान खुली हुई थी। आरोप है कि उस समय पुलकित टंडन शराब पी रहा था। जब युवती वहां से वापस जाने लगी तो आरोपी ने उसका हाथ पकड़ लिया और उसके साथ बदसलूकी करने लगा। युवती के विरोध करने पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। काफी देर तक जब युवती घर नहीं पहुंची तो उसकी मां और दोनों भाई गोदाम पहुंचे। वहां बहन के साथ मारपीट होते देख भाई ने मोबाइल से वीडियो बनाना शुरू कर दिया। मोबाइल तोड़ा, मां और भाइयों से भी हाथापाई वीडियो बनते देख आरोपी और ज्यादा भड़क गया। उसने भाई का मोबाइल छीनकर जमीन पर पटक दिया और फिर युवती की मां और भाइयों के साथ भी मारपीट की। किसी तरह पीड़िता और उसका परिवार वहां से निकलकर अस्पताल पहुंचे। इलाज के बाद अगले दिन बुधवार दोपहर को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस ने बताया कि मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद धाराएं बढ़ाई जा सकती हैं। पीड़िता की मां भी भाजपा की पदाधिकारी जिस युवती के साथ मारपीट हुई, उसकी मां भी भाजपा की नागौद मंडल की पदाधिकारी हैं। वायरल वीडियो में जिस महिला के साथ मारपीट होती दिखाई दे रही है, वह वही भाजपा नेत्री हैं। इस बात की पुष्टि भाजपा जिला महामंत्री रमाकांत गौतम ने की है। उन्होंने बताया कि वीडियो सामने आने के बाद संगठन ने नागौद मंडल अध्यक्ष पुलकित टंडन को नोटिस जारी किया है और एक सप्ताह के भीतर जिलाध्यक्ष भगवती पांडेय के सामने पेश होकर स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए गए हैं। गिरफ्तारी न होने पर कांग्रेस से मांगी मदद थाने में मामला दर्ज होने के बावजूद आरोपी की गिरफ्तारी न होने से नाराज पीड़ित परिवार ने कांग्रेस नेताओं से मदद मांगी। गुरुवार को नागौद विधानसभा से कांग्रेस की पूर्व प्रत्याशी डॉ. रश्मि सिंह पटेल पीड़ित परिवार के साथ एसपी कार्यालय पहुंचीं और एडिशनल एसपी प्रेमलाल कुर्वे से मुलाकात कर आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की। डॉ. रश्मि पटेल ने पुलिस को तीन घंटे का अल्टीमेटम दिया और आंदोलन की चेतावनी दी। इस मामले से जुड़ी यह खबर भी पढ़ें… भाजपा नेता ने युवती के मां-भाइयों को भी पीटा…VIDEO सतना जिले के नागौद भाजपा मंडल अध्यक्ष पुलकित टंडन का एक और वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में वह एक युवती को बचाने पहुंचे उसके परिजन के साथ मारपीट करते हुए दिखाई दे रहा है। इससे पहले भी पुलकित टंडन का युवती को दौड़ा-दौड़ाकर पीटने का वीडियो सामने आ चुका है, जिसके बाद उसके खिलाफ बीएनएस की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पूरी खबर पढ़ें…


