भाजपा विधायक ने अफसरों को दी गंदी गाली:राहुल के दौरे पर ताई बोलीं- विपक्ष ताकत से काम करे; पहले औकात बताई, अब हनुमान से तुलना

मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। ‘बात खरी है’ मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे से दैनिक भास्कर एप पर मिलेगा। सीएम ने दूर की पंचायत सचिवों की नाराजगी
कोई सचिव अगर काम नहीं करेगा तो हटा देंगे। सचिव हैं, सहायक सचिव हैं, इनकी क्या औकात… करीब दो महीने पहले सीएम डॉ. मोहन यादव ने भोपाल में सरपंच सम्मेलन में ये बयान दिया तो पंचायत सचिव नाराज हो गए थे। लेकिन, अब सीएम डॉ. मोहन यादव ने इन्हें खुश करने का काम किया है। सीएम ने भगवान हनुमान जी से इनकी तुलना की। भोपाल में पंचायत सचिव सम्मेलन में उन्होंने कहा- भगवान राम के सारे असंभव से असंभव काम करने के लिए जो हनुमान जी करते थे, वही काम हमारे पंचायत सचिव कर रहे हैं। मुख्यमंत्री की इस तारीफ पर पंचायत सचिव भी गदगद नजर आए और कार्यक्रम स्थल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। खुद मुख्यमंत्री भी इस जोशीले स्वागत से खुश दिखाई दिए। उन्होंने कहा- इतनी बढ़िया तालियां तो यहीं बजती हैं, आनंद आ गया। हालांकि जिस संविलियन की मांग को लेकर पंचायत सचिव तालियां बजा रहे थे, उस पर उन्हें फिलहाल ठोस फैसला नहीं मिला। मुख्यमंत्री ने जरूर भरोसा दिलाया, लेकिन फैसला भविष्य पर छोड़ दिया। उन्होंने कहा- हम आपके साथ हैं, इसके रिजल्ट आएंगे, मैं आपको अग्रिम बधाई देता हूं। जीतू पटवारी ने ताई सुमित्रा से लिया आशीर्वाद
राहुल गांधी के इंदौर दौरे को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और मंत्री कैलाश विजयवर्गीय भले ही कोरी राजनीति करार दे रहे हों, लेकिन पूर्व लोकसभा अध्यक्ष और भाजपा की सीनियर नेता सुमित्रा महाजन का नजरिया कुछ और ही है। सुमित्रा महाजन ने राहुल गांधी के दौरे और विपक्ष की भूमिका को लेकर साफ कहा कि लोकतंत्र में विरोधी पक्ष का जो काम है, उसे वो करना चाहिए, अच्छे से करना चाहिए, ताकत से करना चाहिए। दरअसल, राहुल गांधी के दौरे से पहले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी सुमित्रा महाजन से मिलने पहुंचे थे। यहां जीतू पटवारी ने उनसे भागीरथपुरा में दूषित पानी से हुई मौतों और इस समस्या को लेकर चर्चा की। पटवारी ने ताई का आशीर्वाद भी लिया। ताई ने जीतू पटवारी की तारीफ करते हुए कहा- जीतू पटवारी अच्छा काम करने वाला लड़का है, आते हैं बीच-बीच में मिलने के लिए, आज भी आए थे। मंच से भाजपा विधायक ने अफसरों को दी गाली
डिंडौरी के शहपुरा से भाजपा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे का एक वीडियो सामने आया है। जिसमें वह मंच से अधिकारियों को गाली देते नजर आ रहे हैं। खास बात ये है कि मंच पर सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते भी बैठे हैं। वीडियो करीब एक महीने पहले का बताया जा रहा है। मंच से आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करने के बाद जब विधायक को अपनी गलती का एहसास हुआ, तो उन्होंने तुरंत बात को संभालने की कोशिश की। माइक पर ही कहते सुने गए कि इसे गोल कर दो, कभी-कभी निकल जाता है। हालांकि अब विधायक इस पूरे मामले पर सफाई दे रहे हैं। कह रहे हैं कि ये एडिटेड वीडियो है। लेकिन, वीडियो सामने आने के बाद उनकी और पार्टी दोनों की किरकिरी हो रही है। लोग पूछ रहे हैं कि क्या जनप्रतिनिधियों को मंच से इस तरह की भाषा शोभा देती है? शराब के नशे में ट्राला लेकर शहर में घुसा युवक
गुना में शराब के नशे में धुत एक ट्रक ड्राइवर ने जमकर हंगामा खड़ा कर दिया। भारी-भरकम ट्रक लेकर वह शहर में घुस आया। पुलिस ने उसे रोका और पकड़ा, तो उसने कहा कि यह गाड़ी अखिलेश यादव की है। सैफई, मैनपुरी वाले अखिलेश यादव की। नशे की हालत में ड्राइवर पुलिस को अखिलेश यादव का नाम लेकर धमकाने लगा। उसकी हालत इतनी खराब थी कि उसे यह तक होश नहीं रहा कि वह उत्तर प्रदेश में है या मध्य प्रदेश में। वह लगातार पुलिस से अभद्रता करता रहा। रौब दिखाते हुए बार-बार यही दोहराता रहा कि गाड़ी अखिलेश यादव की है और उसे छुड़ाने खुद अखिलेश यादव आ रहे हैं। ड्राइवर का यह ड्रामा मौके पर मौजूद लोगों के लिए कुछ देर तक तमाशा बना रहा, लेकिन पुलिस के लिए यह कानून-व्यवस्था का सवाल बन गया। बाद में पुलिस ने ड्राइवर को काबू में किया और थाने ले गई। इनपुट सहयोग – विजय सिंह बघेल (भोपाल), अभिषेक दुबे (इंदौर), अभिमन्यु सिंह (डिंडौरी), आशीष रघुवंशी (गुना)
ये भी पढ़ें –
मंत्री विजयवर्गीय ने सांसद को सौंपी अपनी कुर्सी:दिग्विजय के सवाल पर चिढ़े सिंधिया दिग्विजय सिंह के राज्यसभा सीट खाली करने के ऐलान पर जब केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से सवाल किया गया तो वह भड़क गए। सिंधिया ने तंज करते हुए कहा कि उन्हें खुद नहीं पता कि दिग्विजय सिंह क्या चाहते हैं। उन्होंने कहा- जब मैं कांग्रेस में था, तब भी मैं नहीं जानता था कि वो क्या चाहते थे। पूरी खबर पढ़ें

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *