भास्कर न्यूज| जांजगीर जिला पंचायत चुनाव में एक दिलचस्प घटना सामने आई है, जहां कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी परिसर के बाहर खड़े रहे, लेकिन किसी ने उनका विरोध नहीं किया। चुनाव के लिए जब मतदान प्रक्रिया शुरू हुई, तो किसी ने इन प्रत्याशियों के खिलाफ अपना विरोध नहीं जताया। परिणामस्वरूप पीठासीन अधिकारी ने भाजपा की सत्यलता मिरी को निर्विरोध अध्यक्ष व गगन जयपुरिया के निर्वाचित होने की घोषणा की। चुनाव में कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी परिसर के बाहर खड़े रहे, जिससे यह संकेत मिलता है कि या तो उन्होंने चुनावी प्रक्रिया में अपनी हार को स्वीकार कर लिया था या फिर उनके समर्थक और पार्टी के अन्य नेता इस चुनाव को लेकर गंभीर नहीं थे। जिला पंचायत चुनाव में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद में भाजपा ने बाजी मार ली, यहां अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों ही पद भाजपा समर्थित प्रत्याशियों के पक्ष में रहा। सुबह से ही जिला पंचायत परिसर के बाहर गहमा-गहमी का माहौल रहा। चुनाव को लेकर पुलिस की चाक चौबंद व्यवस्था के बीच अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव कराया। जिला पंचायत जांजगीर-चांपा के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष का निर्वाचन पीठासीन अधिकारी अपर कलेक्टर उज्जवल पोरवाल एवं सहायक पीठासीन अधिकारी डिप्टी कलेक्टर शशि कुमार चौधरी की उपस्थिति में जिला पंचायत जांजगीर-चांपा के सभाकक्ष में किया गया। अध्यक्ष का चुनाव पूर्ण होने के बाद भाजपा समर्थित पार्टी के क्षेत्र क्रमांक 3 सेंदरी के निर्वाचित सदस्य राजकुमार साहू और क्षेत्र क्रमांक 16 पोंड़ीशंकर के समर्थित प्रत्याशी गगन जयपुरिया ने उपाध्यक्ष पद की दावेदारी प्रस्तुत की थी। उपाध्यक्ष पद के लिए दो दावेदार होने के कारण पार्टी मेंे गहमागहमी का माहौल रहा और मान मनौव्वल का दौर चला। हालांकि कुछ देर के बाद राजकुमार साहू ने दावेदारी प्रस्तुत करने से इंकार कर दिया और गगन जयपुरिया निर्विरोध उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए। उपाध्यक्ष: दो दावेदार थे एक ने वापस लिया नाम


