भाजपा सरकार में शिक्षक बने ठेकेदार, गड़बड़ी: जिपं सदस्य

भास्कर न्यूज | दंतेवाड़ा जिले में शिक्षा व्यवस्था पहले से ही बदहाल थी, भाजपा सरकार आते ही फिर से पुराना खेल दंतेवाड़ा में शुरू हो गया है। जिला पंचायत सदस्य तुलिका कर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार आते ही फिर से शिक्षक ठेकेदार बन गए हैं, शिक्षा के मंदिर के निर्माण में भी भ्रष्टाचार होने लगा है। मामला कटेकल्याण ब्लॉक के मोखपाल का है, जहां लाखों की लागत से मरम्मत हो रहे पोटाकेबिन में जमकर बंदरबांट हो रहा है। जिला पंचायत सदस्य तुलिका कर्मा ने कहा कि करोड़ों की लागत से मरम्मत हो रहे पोटाकेबिन और स्कूल में बीआरसी हीरालाल ओयामी द्वारा गुणवत्ताहीन कार्य करवाया जा रहा है। पोटाकेबिन में बन रहे बाथरूम में इतने घटिया क्वालिटी के ईंट उपयोग में लाए जा रहे हैं, जो छूने से टूट जा रहे हैं। इस कार्य की खासबात यह है कि बीआरसी हीरालाल ओयामी इस कार्य में एजेंसी की भूमिका में हैं और उनकी पत्नी शीला ओयामी इस कार्य में ठेकेदार की भूमिका में हैं। तुलिका ने कहा कि कार्य की लागत करोड़ों में है पर सीमेंट घटिया क्वालिटी का इस्तेमाल किया जा रहा है। मरम्मत हो चुके कमरों में फिर से पानी रिसने की शिकायत है जिससे यह पता चल रहा है कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता क्या है। तुलिका ने कहा कि स्कूलों में शाला प्रवेशोत्सव मनाया जा रहा है पर कटेकल्याण में अब उल्टा है। बच्चों के आने से पहले सभी पोटाकेबिन की व्यवस्था बदहाल है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *