भाजपा सांसद बोले- सरकार के भरोसे न रहें:टीआई के ट्रांसफर पर लोगों ने फोड़े पटाखे; ऊर्जा मंत्री जहां पहुंचे,वहां जल गए कैमरे-वॉशिंग मशीन

मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। ‘बात खरी है’ मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे से दैनिक भास्कर ऐप पर मिलेगा। कड़ाके की ठंड में मंत्री का पब्लिसिटी स्टंट
मध्य प्रदेश की मोहन सरकार में ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर कड़ाके की ठंड में घर-घर दस्तक देते नजर आए। वो भी रात में। मंत्री दरवाजा खटखटाकर लोगों को नींद से जगाकर उनसे पूछ रहे हैं कि सरकार की व्यवस्था से तो खुश हो न। प्रद्युम्न सिंह शिवपुरी जिले के प्रभारी मंत्री हैं। वे शिवपुरी में रात को सड़कों पर निकले। लोगों से पूछा- बिजली ठीक से आ रही है न ? पानी ठीक मिल रहा है न ? साथ ही ये भी कह रहे कि केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और सीएम डॉ. मोहन यादव आपकी खास चिंता कर रहे हैं। इसलिए हम यहां आए हैं। खास बात यह है कि मंत्री ने खुद यह वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किया है, जिस पर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कोई कह रहा है- हमारे शहर भी आ जाओ, किसी ने कहा- थोड़ा इंदौर भी चले जाओ तो किसी ने पहले ग्वालियर की सुध लेने की नसीहत दी। मंत्री के इस पब्लिसिटी स्टंट में एक गजब संयोग भी हो गया। ऊर्जा मंत्री ने जिस घर में बिजली व्यवस्था का हाल जाना था। मंत्री के जाते ही उस घर में शॉर्ट सर्किट से वहां लगे सीसीटीवी कैमरे और वॉशिंग मशीन जल गई। जमीन से अचानक फूट पड़ा पानी का फव्वारा
मैहर जिले के अमरपाटन में ऐसा नजारा दिखा, जैसे कोई म्यूजिकल फाउंटेन चल रहा हो। जमीन के अंदर से अचानक पानी का फव्वारा फूट पड़ा। दरअसल, नल-जल योजना के तहत बिछाई गई बाणसागर परियोजना की पाइप लाइन फूट गई। पाइप लाइन में तेज दबाव के कारण भारी मात्रा में पानी बह निकला। पानी के दबाव से सड़क करीब 4 इंच तक धंस गई। बाढ़ जैसा सीन हो गया। सरकारी छात्रावास और कॉलेज परिसर में पानी भर गया। लोग इसे लेकर तंज कर रहे हैं। कोई कह रहा है कि ये तो विकास है, जो धरती फाड़कर बाहर आ गया। किसी ने कहा- लोगों का मुफ्त में मनोरंजन हो गया। बिना टिकट म्यूजिकल फाउंटेन देखने को मिल गया। भाजपा सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल की अजीब सलाह
इंदौर में गंदे पानी से अब तक 20 मौतें हो चुकी हैं। आगे ऐसी घटना न हो, इसे लेकर खंडवा से भाजपा सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने अजीब सलाह दी है। उन्होंने कहा कि इंदौर की घटना से हम सब को सबक लेना चाहिए। सिर्फ सरकार ही सब कुछ करे। सरकार के भरोसे हम रहें। ये ठीक नहीं। हम सब जनता की भी जिम्मेदारी बनती है। सांसद ने तो एक तरह से जनता को ही दोषी ठहरा दिया। तो क्या अपने-अपने पीने के पानी का इंतजाम खुद जनता करे। हालांकि, सांसद ने कहा कि हमने निर्देश दिए हैं कि पानी की टंकियों और स्त्रोत को साफ किया जाना चाहिए। टीआई के ट्रांसफर पर जश्न, आतिशबाजी की गई
सिंगरौली में दिवाली जैसा नजारा दिखा। खुशियां इसलिए मनाई गईं, क्योंकि एक टीआई का ट्रांसफर हो गया है। टीआई का नाम उमेश प्रताप सिंह है। जो लंबे समय से जिले के मोरवा थाने में पदस्थ थे। बताया जा रहा है कि भाजपा के दो गुटों की लड़ाई में उनका भोपाल का टिकट कट गया। दरअसल, भाजपा के एक नेता ने भाजपा से ही जुड़े दूसरे नेता की पिटाई कर दी थी। इस मामले में टीआई पर एफआईआर नहीं करने के आरोप लगे थे। इसमें खूब राजनीति हुई। आखिरकार टीआई का भोपाल ट्रांसफर हो गया, जिसके बाद भाजपा के एक गुट की मन की होने पर उन्होंने आतिशबाजी कर जश्न मनाया। इनपुट सहयोग – कपिल मिश्रा (शिवपुरी), चंद्रप्रताप जायसवाल (मैहर), सावन राजपूत (खंडवा), राजकुमार द्विवेदी (सिंगरौली)
ये भी पढ़ें –
73 साल के भाजपा विधायक ने 30 साल के महान आर्यमान सिंधिया के पैर छुए; सीएम अपने मंत्री का विभाग भूले शिवपुरी के 73 साल के भाजपा विधायक देवेंद्र जैन ने अपने जन्मदिन पर 30 साल के महान आर्यमान सिंधिया के पैर छुए और आशीर्वाद लिया। इसका वीडियो सामने आया है। जिस पर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। पूरी खबर पढ़ें

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *