भाजयुमो ने जलाया पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का पुतला:कथावाचक धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री पर की गई टिप्पणी के खिलाफ किया प्रदर्शन

सनातन धर्म को लेकर जारी सियासी बयानबाजी के बीच भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के खिलाफ प्रदेशभर में प्रदर्शन किया। भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने उन्हें “सनातन विरोधी” बताते हुए कई जिलों में पुतला दहन किया और कांग्रेस पर भगवान श्रीराम व साधु-संतों के अपमान का आरोप लगाया। रायपुर में हुए प्रदर्शन के दौरान भाजपा रायपुर शहर जिला अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के नेताओं ने लगातार सनातन धर्म का विरोध किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भूपेश बघेल अंतरराष्ट्रीय कथा वाचक पं. प्रदीप मिश्रा और पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का विरोध कर रहे हैं, जिससे यह साफ होता है कि कांग्रेस नेताओं को किसी तय स्क्रिप्ट के तहत सनातन पर हमला करने के निर्देश दिए जाते हैं। रमेश सिंह ठाकुर ने कहा कि जब रामसेतु का मुद्दा उठा था, तब कांग्रेस नेताओं ने उसे काल्पनिक बताया और भगवान श्रीराम के अस्तित्व पर सवाल खड़े किए। उन्होंने यह भी कहा कि राम मंदिर निर्माण के बाद आमंत्रण मिलने के बावजूद गांधी परिवार दर्शन के लिए नहीं गया, जो कांग्रेस की मानसिकता को दर्शाता है। “हमारे आस्था केंद्रों का अपमान बर्दाश्त नहीं”भाजयुमो ने कहा कि कांग्रेस नेताओं ने लगातार सनातन धर्म, साधु-संतों और भारतीय परंपराओं का अपमान किया है। उन्होंने कहा कि पंडित प्रदीप मिश्रा के प्रवचनों और शिव भक्ति से गांव-गांव में सनातन चेतना जागृत हो रही है, वहीं धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री सनातन संस्कृति को मजबूती देने का काम कर रहे हैं। भाजयुमो ने आरोप लगाया कि जो लोग दिल्ली में धर्मांतरण कराने वालों को संरक्षण देते हैं, उन्हें सनातन धर्म और साधु-संतों पर टिप्पणी करने का कोई अधिकार नहीं है। उन्होंने दावा किया कि सनातन विरोध की राजनीति करने वाली कांग्रेस अब कुछ राज्यों तक सिमट कर रह गई है और आने वाले समय में उसका जनाधार और कमजोर होगा। इस दौरान भाजयुमो के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिनमें अमन प्रताप, विशाल पांडेय, वासु शर्मा, पिंटू साहू, अर्पित सूर्यवंशी, प्रणय साहू, अश्वनी विश्वकर्मा, शंकर साहू, अभिषेक धनगर, योगी साहू, शुभांकर द्विवेदी, युगल वर्मा, भारत कुंड, आकाश शर्मा, राहुल वर्मा सहित अन्य शामिल थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *