भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष शंकर गोरा करौली पहुंचे:मनरेगा की जगह ‘विकसित भारत गारंटी’ योजना में बदलावों पर की चर्चा

भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष शंकर गोरा ने कांग्रेस सरकार की मनरेगा योजना की खामियों पर प्रकाश डाला और ‘विकसित भारत गारंटी फोर रोजगार एंड आजीविका मिशन’ योजना के लाभ बताए। गोरा के पहली बार करौली आगमन पर कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। कोडर मोड़ से लेकर मासलपुर तिराया, गुलाब बाग, तीन बड़ और मैगजीन पर जेसीबी से पुष्प वर्षा की गई। भाजपा कार्यालय पहुंचने पर जिलाध्यक्ष गोवर्धन सिंह जादौन के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने उन्हें 101 किलो फूलों की माला पहनाई। भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत मां भारती के चित्रपट पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। मुख्य अतिथि शंकर गोरा ने अपने संबोधन में कहा कि कांग्रेस सरकार द्वारा लागू की गई मनरेगा योजना में कई खामियां थीं और इसमें विकास का सही मार्गदर्शन नहीं था। उन्होंने बताया कि अब ‘विकसित भारत गारंटी फोर रोजगार एंड आजीविका मिशन’ योजना के माध्यम से विकसित भारत की संकल्पना पूरी होगी। उन्होंने दोनों योजनाओं का तुलनात्मक विवरण देते हुए कहा कि नई योजना में काम के दिन 100 से बढ़ाकर 125 दिन किए गए हैं। इस योजना में केंद्र-राज्य अनुपात सामान्य राज्यों में 60:40 और पूर्वोत्तर व हिमालयी राज्यों में 90:10 रहेगा। इसका मुख्य फोकस जल संरक्षण, ग्रामीण बुनियादी ढांचे और जलवायु परिवर्तन से निपटने वाले कार्यों पर होगा। गोरा ने बताया कि योजना में एआई तकनीक से जीपीएस ट्रैकिंग, रियल-टाइम डैशबोर्ड, साप्ताहिक पारदर्शिता और वार्षिक सामाजिक ऑडिट की व्यवस्था रहेगी। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष गोवर्धन सिंह जादौन ने कहा कि शंकर गोरा के नेतृत्व में भारतीय जनता युवा मोर्चा भाजपा को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का कार्य करेगा। उन्होंने यह भी बताया कि मनरेगा योजना का नाम बदलकर ‘विकसित भारत गारंटी फोर रोजगार एंड आजीविका मिशन’ कर दिया गया है। इस अवसर पर प्रदेश मंत्री युवा मोर्चा अर्जुन सिंह धावाई, जिला महामंत्री सुरेश शुक्ला, जिला उपाध्यक्ष शिबू राम मीणा, जिला मीडिया संयोजक मुकेश सालोत्री, मंडल अध्यक्ष नमो नारायण मीणा, गीता देवी, बलराम सिंह, युवा मोर्चा अध्यक्ष अंकित शर्मा और युवा मोर्चा संयोजक आदित्य शर्मा सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। युवा मोर्चा जिला महामंत्री भूपेंद्र गुर्जर, वैभव पाल, भूपेंद्र शर्मा धूरसी, प्रताप पाकड़, महाराज सिंह छावडी, धीरेंद्र सिंह बैंसला, हरिशरण व्यास, देवेश, अजय पाल, रामेंद्र सिंह सहित भाजपा जिला पदाधिकारी व युवा मोर्चा के कार्यकर्ता-पदाधिकारी मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *