सागर जिले के भानगढ़ पुलिस ने एक ट्रक से 6 लाख रुपए मूल्य के 19 बिजली के खंभे बरामद किए। इस मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। यह घटना मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के तहत भानगढ़ और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में चल रहे विद्युत सप्लाई कार्य से संबंधित है। जयपुर की इंजीटेक प्राइवेट लिमिटेड कंपनी यह कार्य कर रही थी। 25 दिसंबर की रात अज्ञात चोरों ने भानगढ़ स्थित मदर टेरेसा स्कूल के पास रखे इन बिजली के खंभों को चुरा लिया था। कंपनी के इंजीनियर रविंद्र ने 27 दिसंबर को भानगढ़ थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की। उन्हें सूचना मिली कि चोरी किए गए खंभों को एक ट्रक में लादकर ले जाया जा रहा है। 19 बिजली के खंभे जब्त सूचना के आधार पर भानगढ़ पुलिस ने ट्रक (MH46BB6824) का पीछा किया और बीना रोड क्षेत्र से इसे बरामद कर लिया। ट्रक में कुल 19 बिजली के खंभे लदे हुए पाए गए, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया। आरोपियों की तलाश जारी भानगढ़ थाना पुलिस ने बताया कि फिलहाल अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ट्रक चालक से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता चल सके कि चोरी किसके इशारे पर की जा रही थी और खंभों को कहां ले जाया जा रहा था। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के बाद पूरे गिरोह का खुलासा होने की संभावना है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


