भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के स्थापना दिवस पर वर्षों बाद जिला कार्यालय पर फहराया तिरंगा

कार्यालय संवाददाता | करौली भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के स्थापना दिवस के अवसर पर करौली जिला कांग्रेस कमेटी ने रविवार को ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज की। वर्षों के लंबे अंतराल के बाद जिला कांग्रेस ने अपने स्वयं के कार्यालय पर ध्वजारोहण कर संगठन की मजबूती और एकजुटता का संदेश दिया। पुरानी जिला कलेक्ट्रेट के समीप स्थित कांग्रेस कार्यालय पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष घनश्याम महर के नेतृत्व में तिरंगा फहराया गया। इस अवसर को खास बनाने के लिए स्थापना दिवस से एक दिन पूर्व ही जिला अध्यक्ष के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने कार्यालय खोलकर विधिवत प्रवेश किया। रविवार सुबह कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर श्रमदान किया, परिसर की साफ-सफाई की और कार्यालय को उत्सव के लिए तैयार किया। पूरे माहौल में उत्साह और जोश देखने को मिला। ध्वजारोहण के बाद आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष घनश्याम महर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का इतिहास बलिदान, संघर्ष और राष्ट्र निर्माण से जुड़ा रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले कई वर्षों से जिला स्तर पर कांग्रेस का स्वयं का कार्यालय बंद था, जिससे कार्यकर्ताओं को असुविधा होती थी। स्थापना दिवस पर अपने कार्यालय में ध्वजारोहण करना कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए गर्व और स्वाभिमान का विषय है। इस अवसर पर राष्ट्रीय संयोजक विशाल मीणा, पीसीसी सचिव भूपेन्द्र भारद्वाज, ब्लॉक अध्यक्ष रामगोपाल माली, नगर परिषद उपसभापति सुनील सैनी, युवा कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष अखिलेश मामचारी सहित अनेक वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने संगठन को मजबूत करने और जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने का संकल्प लिया। जिला कांग्रेस कार्यालय पर पुनः अधिकार मिलने के बाद अब पार्टी की सभी आगामी बैठकों, कार्यक्रमों और जनसुनवाई का संचालन यहीं से किया जाएगा। इससे कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *