कोरिया जिले के नगरीय निकायों और ग्राम पंचायतों में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। सोनहत विकासखंड के ग्राम अकलासरई में आयोजित यात्रा में देशभक्ति का उत्साह दिखा। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता और वीर जवानों के शौर्य को सलामी देने के लिए जिले भर में यह यात्रा निकाली गई। यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं, युवा, बुजुर्ग और बच्चे शामिल हुए। गांव की गलियों में लोगों ने हाथों में तिरंगा लेकर मार्च किया। ‘भारत माता की जय’ और ‘जय जवान’ के नारों से पूरा माहौल देशभक्तिमय हो गया। यह आयोजन राष्ट्रीय एकता का प्रतीक बना। हर वर्ग और आयु के लोगों ने इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कलेक्टर चंदन त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक रवि कुमार कुर्रे और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी ने यात्रा का नेतृत्व किया। इस मौके पर जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।


