गणतंत्र दिवस के अवसर पर “लोकतंत्र के लोक उत्सव” भारत पर्व 2026 का आयोजन 26 जनवरी की शाम लाड़ली बहना पथ, कंपनी गार्डन के सामने शुरू हुआ। कलेक्टर शीतला पटले के मुख्य आतिथ्य में यह कार्यक्रम देर रात तक चला। कार्यक्रम में स्वराज संस्थान, भोपाल के सहयोग से छतरपुर और डिंडोरी के कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियां दीं। छतरपुर के कलाकार जयप्रकाश चतुर्वेदी ने पारंपरिक लोकगायन प्रस्तुत किया। डिंडोरी की कलाकार जयंती उड़के और उनके दल ने शैला, करमा और पूजा लोकनृत्य के माध्यम से आदिवासी लोकसंस्कृति को दर्शाया। नाट्यम कला अकादमी, सिवनी के कलाकारों ने उपशास्त्रीय लोकनृत्य प्रस्तुत किया, जो कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण था। अन्य कलाकारों ने भी विविध नृत्य प्रस्तुतियां दीं। इस दौरान जिला जनसंपर्क कार्यालय ने ‘अभ्युदय मध्यप्रदेश’ थीम पर आधारित प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रदर्शनी भी लगाई। अतिथियों और आम नागरिकों ने इसका अवलोकन किया। कार्यक्रम में सीईओ जिला पंचायत अंजली शाह, अपर कलेक्टर सुनीता खंडायत, एसडीएम सिवनी पूर्वी तिवारी, एसडीएम कुरई प्रशांत ऊईके सहित कई अधिकारी-कर्मचारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। समापन पर सभी कलाकारों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। भारत पर्व 2026 ने लोक संस्कृति, कला और लोकतांत्रिक मूल्यों का संदेश दिया। कार्यक्रम की अन्य तस्वीरें…


