भारत-पाक में बढ़ते तनाव के बीच रांची के रेलवे स्टेशनों और एयरपोर्ट पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। चौकसी बढ़ा दी गई है। इंट्री प्वइंट पर ही गहन जांच के बाद अंदर जाने दिया जा रहा है। इधर, इमरजेंसी की स्थिति से निपटने के लिए रिम्स में डॉक्टरों की विशेष टीम का गठन किया गया है। वहीं शहर के हर थाना क्षेत्र में थानेदार स्वयं पेट्रोलिंग टीम के साथ रातभर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी में जुटे हुए हैं। रेल व हवाई सेवा: हर लगेज की गहन जांच के बाद ही इंट्री भारत-पाक में बढ़ते तनाव के बीच रांची के रेलवे स्टेशनों और एयरपोर्ट पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। होमगार्ड के जवान एयरपोर्ट परिसर में आने वाली सभी गाड़ियों की सघन चेकिंग कर रहे हैं। एयरपोर्ट पर सुरक्षा के लिए स्निफर डॉग की भी मदद ली जा रही है। एयरपोर्ट के अंदर जाने के लिए इंट्री पास और विजिटर्स पास नहीं बनाया जा रहा है। सेकेंडरी लैडर चेक प्वाइंट की शुरुआत की गई है। इसके तहत प्रारंभिक सुरक्षा जांच के बाद विमान में चढ़ने से ठीक पहले कर्मचारी यात्रियों और उनके हाथ के सामान की तलाशी लेते हैं। एक अधिकारी ने बताया कि एयरपोर्ट आने-जाने वाले सभी यात्रियों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। इधर, रेलवे स्टेशनों में भी आरपीएफ के जवान मुस्तैदी के साथ रांची और हटिया रेलवे स्टेशन पर संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखे हुए हैं। यात्रियों के हर बैग-बैगेज की चेकिंग की जा रही है। डॉग स्क्वॉड के जरिए स्टेशन पर चेकिंग की जा रही है। स्टेशन परिसर में आए गाड़ियों की भी चेकिंग की जा रही है। जीआरपी और आरपीएफ दोनों अलर्ट मोड पर हैं। पुलिस सुरक्षा: हाई अलर्ट पर रांची पुलिस, पूरी रात पेट्रोलिंग भारत- पाकिस्तान के बीच तनावपूर्ण हालात को देखते हुए झारखंड में भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। राजधानी रांची की सुरक्षा को लेकर पुलिस हाई अलर्ट पर है। सभी थानेदार खुद पूरी रात पेट्रोलिंग कर रहे हैं। चौक- चौराहों पर संदिग्ध लोगों पर नजर है। संवेदनशील जगहों पर पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है। वरीय अधिकारी पूरी सुरक्षा व्यवस्था की खुद मॉनिटरिंग कर रहे हैं और लगातार पदाधिकारियों को दिशा-निर्देश दे रहे हैं। थानेदार को पीसीआर और पेट्रोलिंग गाड़ी को भी लगातार भ्रमणशील रहने का निर्देश दिया गया है। राजधानी के सभी थानों को स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि कहीं भी कोई संदिग्ध व्यक्ति दिखे तो उसका गहनता से सत्यापन करें। सीसीटीवी से भी मॉनिटरिंग पूरे शहर में सीसीटीवी से मॉनिटरिंग की व्यवस्था की गई है। कंट्रोल रूम में एक टीम को तैनात किया गया है, जो शहर में आने-जाने वाले संदिग्ध लोगों पर नजर रख रहे हैं। गुप्तचर की भी पुलिस मदद ले रही है, सूचना संकलन में जुटी है। रेल मंत्री ने की समीक्षा, दिया निर्देश रेल परिचालन के लिए की गई व्यवस्थाओं की समीक्षा रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने की। उन्होंने रेलवे अधिकारियों को निर्देश दिया कि विभिन्न सरकारी एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर सीमावर्ती क्षेत्रों में लोगों की सहायता के लिए विशेष ट्रेनों का परिचालन हो। रेल मंत्री के निर्देश पर 9 मई को जम्मू तथा उधमपुर से चार विशेष गाड़ियों का परिचालन किया गया। स्वास्थ्य सेवा: रिम्स भी तैयार, विशेष मेडिकल टीम बनी 9 विभागों से 27 डॉक्टर मल्टी डिसीप्लीनरी टीम में शामिल किए गए भारत-पाकिस्तान के बीच बने तनावपूर्ण हालात को देखते हुए रिम्स ने आकस्मिक स्थिति से निपटने की तैयारी शुरू कर दी है। निदेशक डॉ. राजकुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को आपात बैठक की गई। निर्णय लिया गया कि न्यू ट्रॉमा सेंटर, पेइंग वार्ड और कॉटेज में 50 बेड तत्काल रिजर्व रखे जाएं। इन सभी बेड पर ऑक्सीजन और मॉनिटर की सुविधा उपलब्ध होगी। जरूरत पड़ने पर बेड की संख्या और बढ़ाई जाएगी। रिम्स प्रशासन ने एक मल्टी डिसीप्लीनरी मेडिकल टीम का भी गठन किया है, जिसमें 27 चिकित्सकों को शामिल किया गया है। निदेशक ने बैठक में चिकित्सकों के अतिरिक्त 50 स्टाफ नर्स, 50 पैरामेडिकल स्टाफ, 15 व्हीलचेयर और 16 ट्रॉली रिजर्व करने का निर्देश दिया है। सभी स्टोर्स में 24×7 दवाओं, सर्जिकल सामग्रियों और अन्य आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया है।


