भारत माता के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी पर विदिशा में विरोध:हिंदू संगठनों ने एसपी को ज्ञापन सौंपा, देशद्रोह समेत कड़ी कार्रवाई की मांग

विदिशा में भारत माता के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में विरोध तेज हो गया है। शनिवार को विश्व हिंदू परिषद, सकल हिंदू समाज और अन्य संगठनों ने पुलिस अधीक्षक (एसपी) को ज्ञापन सौंपा। संगठनों ने सिरोंज निवासी आरोपी असद खान जिलानी पर देशद्रोह की धारा सहित कड़ी कार्रवाई की मांग की है। यह मामला सामाजिक कार्यकर्ता चक्रेश श्रीवास्तव की एक पोस्ट से जुड़ा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष पर जारी किए गए 100 रुपए के डाक टिकट से संबंधित इस पोस्ट पर असद खान ने भारत माता को ‘डायन’ कहकर टिप्पणी की थी। इस टिप्पणी से न केवल धार्मिक भावनाएं आहत हुईं, बल्कि सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का भी प्रयास किया गया। पुलिस ने गुरुवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन संगठनों का कहना है कि उस पर लगाई गई धाराएं पर्याप्त नहीं हैं। विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारी अनुपम सारस्वत ने बताया कि असद खान ने अपनी टिप्पणी से देशविरोधी कृत्य किया है, जिससे समाज में वैमनस्य फैलता है। उन्होंने पुलिस द्वारा लगाई गई धाराओं को कम बताते हुए देशद्रोह का प्रकरण दर्ज करने की मांग की। दिनेश रघुवंशी ने भी आरोपी पर राष्ट्र द्रोह की धारा के तहत कड़ी कार्रवाई की मांग की। इस संबंध में एएसपी प्रशांत चौहान ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *