अरुणाचल प्रदेश के लोंगडिंग जिले के पांगचाओ इलाके से 25 अप्रैल की रात को दो निर्माण मजदूरों का अपहरण कर लिया गया था। सूचना मिलने पर 27 अप्रैल (रविवार) को भारतीय सेना और असम राइफल्स ने संयुक्त अभियान चलाया। सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षाबलों की उग्रवादियों से मुठभेड़ हुई, जिसमें प्रतिबंधित संगठन के तीन उग्रवादी मारे गए। अभियान में चार ऑटोमेटिक हथियार, गोलियां और युद्ध में काम आने वाला अन्य सामान भी बरामद हुआ। इस कार्रवाई में एक मजदूर को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि दूसरे मजदूर की तलाश जारी है। आज की अन्य बड़ी खबरें पढ़ें… असम में पंचायत चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस सांसद और विधायक पर हमला, नेता बोले- भाजपा ने हमला करवाया असम के नागांव जिले में पंचायत चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस सांसद प्रद्युत बोरोदोलोई और विधायक सिबामोनी बोरा पर रविवार को हमला हुआ। पुलिस के मुताबिक, दोनों नेताओं को मामूली चोटें आईं हैं जबकि उनके वाहनों भारी नुकसान पहुंचाया गया। यह घटना धींग पुलिस थाने के उपर-दुमदुमिया गांव में हुई, जब दोनों पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ प्रचार करने जा रहे थे। पुलिस अधिकारी ने बताया कि बोरोदोलोई, बोरा और APCC प्रवक्ता मोहसिन खान रैली के लिए जेंगोनी गांव की ओर बढ़ रहे थे। उसी समय काले कपड़े पहने 10-12 नकाबपोश बदमाशों ने सुनसान जगह पर काफिले को रोका और उन पर हमला कर दिया। घटना के बाद बोलोदोलाई ने आरोप लगाया कि भाजपा के इशारे पर हमला हुआ।


