भास्कर अपडेट्स:असम में ₹90 करोड़ की ड्रग्स बरामद, दो तस्कर भी गिरफ्तार

असम के कछार जिले में पुलिस ने करीब ₹90 करोड़ की कीमत की ड्रग्स बरामद की। साथ ही दो तस्कर भी गिरफ्तार किए हैं। पुलिस के मुताबिक चैकिंग के दौरान एक वाहन को रोका गया था। इसमें 3 लाख याबा टेबलेट (ड्रग्स) बरामद हुईं। जानकारी के मुताबिक, याबा जिसे थाई भाषा में क्रेजी मेडिसिन भी कहा जाता है, मेथाम्फेटामाइन (एक शक्तिशाली और नशे की लत पैदा करने वाला उत्तेजक) और कैफीन का मिक्चर होता है। आज की अन्य बड़ी खबरें… दिल्ली में भारत मंडपम के पास 1 करोड़ के गहनों की लूट, आरोपी फरार दिल्ली में बुधवार को भारत मंडपम के पास बाइक सवार बदमाशों ने हथियार की नोक पर करीब ₹1 करोड़ के गहने लूट लिए। पुलिस के मुताबिक पीड़ित शिवम कुमार यादव (28) और उनके सहयोगी राघव (55) चांदनी चौक से स्कूटर पर गहनों का पार्सल लेकर भैरों मंदिर की ओर जा रहे थे। दोपहर में जब वे मंदिर के पार्किंग इलाके के पास पहुंचे, तभी दो बदमाश मोटरसाइकिल पर आए और उन्हें रोक लिया। बदमाशों ने बंदूक दिखाकर उनका सामान छीन लिया और फरार हो गए। उनके पास से 500 ग्राम सोना और 35 किलो चांदी से भरे दो बैग लूटे गए। पुलिस ने इलाके लगे CCTV चेक किए हैं। आरोपियों की तलाश की जा रही है। वोटर लिस्ट में नाम हटाने-जोड़ने के लिए OTP जरूरी होगा, गड़बड़ी रोकने के लिए EC का कदम निर्वाचन आयोग ने वोटर लिस्ट से नाम हटाने या जोड़ने की प्रक्रिया में गड़बड़ी रोकने के लिए नया ई-वेरिफिकेशन सिस्टम शुरू किया है। इसके तहत अब अगर कोई व्यक्ति वोटर लिस्ट से किसी का नाम हटाने या जोड़ने की आपत्ति दर्ज करता है, तो उसके ‌रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर ओटीपी भेजा जाएगा। एक अधिकारी ने बताया कि कई बार ऐसा होता है कि कोई व्यक्ति किसी और का नाम या मोबाइल नंबर देकर ऑनलाइन आपत्ति दर्ज कर देता है। नया फीचर इस तरह की गड़बड़ी को रोकने में मदद करेगा। यह फीचर एक हफ्ते पहले लागू किया गया है। हालांकि, चुनाव आयोग ने साफ किया है कि यह कर्नाटक की आलंद विधानसभा सीट में वोटर लिस्ट से नाम हटाने की गलत कोशिशों के जवाब में नहीं किया गया है। CDS जनरल अनिल चौहान का कार्यकाल 8 महीने बढ़ा, मई 2026 तक पद पर रहेंगे
केंद्र सरकार ने बुधवार को बताया कि चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान का कार्यकाल अगले साल मई तक बढ़ा दिया गया है। शीर्ष सैन्य अधिकारी के रूप में जनरल चौहान का वर्तमान कार्यकाल 30 सितंबर को समाप्त होने वाला है। वह 30 सितंबर, 2022 से चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ के रूप में कार्यरत हैं। रक्षा मंत्रालय ने कहा कि जनरल चौहान का कार्यकाल अगले साल 30 मई तक या अगले आदेश तक बढ़ाने को मंजूरी दे दी है। नीट में 99.99 पर्सेंटाइल वाले छात्र ने सुसाइड किया महाराष्ट्र के चंद्रपुर के अनुराग अनिल बोरकर (19) ने सोमवार को आत्महत्या कर ली। नीट में 99.99 पर्सेंटाइल लाने वाले अनुराग को मंगलवार को यूपी के गोरखपुर में मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस कोर्स में दाखिला लेना था। ओबीसी कैटेगरी में उसकी ऑल इंडिया रैंक 1475 थी। सुसाइड नोट में लिखा है, ‘मुझे एमबीबीएस नहीं करना। जितना एक डॉक्टर कमाता है, उतना एक बिजनेसमैन भी कमा सकता है। पांच साल की पढ़ाई और फिर एमडी यह सब मुझे नहीं करना है।’ 10.91 लाख रेल कर्मियों को 78 दिन का बोनस, केंद्रीय कैबिनेट ने मंजूरी दी रेलवे के 10.91 लाख कर्मियों को 78 दिन की सैलरी के बराबर बोनस मिलेगा। केंद्रीय कैबिनेट ने त्योहारों के बीच बुधवार को इसकी मंजूरी दी। यह बोनस नॉन-गजटेड कर्मियों को मिलेगा। इसमें ट्रैक मेंटेनर, लोको पायलट, गार्ड, स्टेशन मास्टर, सुपरवाइजर, टेक्नीशियन और ग्रुप सी के अन्य कर्मचारी शामिल हैं। पात्र कर्मचारी को अधिकतम 17,951 रुपए तक का बोनस मिलेगा। कैबिनेट ने सरकारी मेडिकल कॉलेज अपग्रेड करने की योजना को भी मंजूरी दी। इसके तहत देशभर के मेडिकल कॉलेजों में 5 हजार पीजी सीटें बढ़ाई जाएंगी। मौजूदा सरकारी मेडिकल कॉलेजों में 5,023 एमबीबीएस सीटें बढ़ाई जाएंगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *