भास्कर अपडेट्स:कर्नाटक विधानसभा में BJP विधायकों का रातभर विरोध प्रदर्शन, एक्साइज मंत्री के इस्तीफे की मांग

कर्नाटक में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के विधायकों ने बुधवार को विधानसभा के अंदर रातभर धरना दिया। प्रदर्शन में कर्नाटक के विपक्ष के नेता आर अशोक और पार्टी के विधायकों ने कांग्रेस सरकार के खिलाफ अपने आंदोलन के तहत विधानसभा परिसर में रात बिताई। यह विरोध प्रदर्शन, जो एक दिन पहले शुरू हुआ था, दूसरे दिन भी जारी रहा। BJP नेता एक्साइज विभाग में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए एक्साइज मंत्री आरबी तिम्मापुर के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। विधायकों का दावा है कि एक्साइज मंत्री विभाग के माध्यम से सालाना लगभग 6,000 करोड़ रुपये इकट्ठा कर रहे हैं। आज की अन्य बड़ी खबरें… तेलंगाना के जगतियाल में ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, 4 महिलाओं की मौत; 2 घायल तेलंगाना के जगतियाल जिले में मंगलवार शाम एक सड़क हादसे में 4 महिला मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 2 अन्य महिलाएं घायल हो गईं। सभी महिलाएं ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर काम से लौट रही थीं। पुलिस के मुताबिक, हादसा मल्लापुर मंडल क्षेत्र में शाम करीब 6:15 बजे हुआ। ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। इस दौरान ट्रॉली में सवार 4 महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 2 अन्य घायल हो गईं। घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। हैदराबाद में पूर्व AIMIM विधायक कादरी का निधन, आज सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा तेलंगाना के हैदराबाद में ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के महासचिव और पूर्व विधायक सैयद अहमद पाशा कादरी का मंगलवार को लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। वे 72 साल के थे। AIMIM सूत्रों के अनुसार, कादरी, जो किडनी की बीमारियों से पीड़ित थे। कादरी ने 1986 में हैदराबाद नगर निगम में दबीरपुरा वार्ड से पार्षद के रूप में अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत की थी। वे 2004, 2009 और 2014 में चारमीनार विधानसभा क्षेत्र से और बाद में 2018 में याकूतपुरा से विधायक चुने गए। कादरी ने ओवैसी परिवार की तीन पीढ़ियों के साथ मिलकर काम किया और AIMIM संगठन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके परिवार में एक बेटा और दो बेटियां हैं। सूत्रों के अनुसार, उनका अंतिम संस्कार बुधवार को किया जाएगा। RBI ने कहा- 31 मार्च को आम लोगों के लिए खुलेंगे सभी बैंक 31 मार्च 2026 को सभी बैंक आम जनता के लिए खुले रहेंगे। आरबीआई के मुख्य महाप्रबंधक डॉ. सुदर्शन साहू ने मंगलवार को इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं। आमतौर पर ‘एनुअल क्लोजिंग’ के कारण 31 मार्च को बैंकों में सार्वजनिक लेनदेन बंद रहता था, लेकिन सरकार के अनुरोध पर अब शाखाएं चालू रहेंगी। दिल्ली हाईकोर्ट ने डाबर को ‘नवरत्न’ की तरह पैकेजिंग में ठंडा तेल बेचने पर रोक लगाई दिल्ली हाईकोर्ट ने डाबर को कूल किंग ठंडा तेल नाम से तेल बेचने से रोक दिया है। कोर्ट ने पाया कि डाबर की पैकेजिंग इमामी के नवरत्न आयुर्वेदिक तेल की नकल है। इमामी ने आरोप लगाया कि डाबर ने उसकी पैकेजिंग की पहचान से मिलती-जुलती स्कीम अपनाई है, जिसमें लाल रंग, पारदर्शी बोतल, फ्लिप-टॉप कैप, और आयुर्वेदिक जड़ी-बूटियों की तस्वीरें शामिल हैं। उधर, डाबर ने तर्क दिया कि उसकी पैकेजिंग में ‘डाबर’ नाम साफ लिखा है। कोर्ट ने डाबर की दलीलें खारिज कर दीं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *