महाराष्ट्र में कल्याण-डोंबिवली महानगरपालिका (KDMC) में राज ठाकरे के नेतृत्व वाली महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) के 5 नगरसेवकों ने एकनाथ शिंदे की शिवसेना को समर्थन देने की घोषणा की। शिवसेना राज्य में बीजेपी के साथ गठबंधन में है। शिवसेना सांसद श्रीकांत शिंदे ने इसकी पुष्टि भी की है। MNS नेता और पूर्व विधायक राजू पाटिल ने कहा- नगर निगम में स्थिरता और सुचारु कामकाज सुनिश्चित करने के लिए यह फैसला पार्टी प्रमुख राज ठाकरे की अनुमति से लिया गया है। आज की अन्य बड़ी खबरें… दिल्ली में पुलिस ने वांटेड आतंकियों के पोस्टर लगाए, गणतंत्र दिवस को लेकर अलर्ट दिल्ली पुलिस ने शहर में सार्वजनिक स्थानों समेत अन्य जगहों पर वांटेड आतंकियों और खालिस्तानी आतंकियों के पोस्टर लगाए हैं। पोस्टर में आतंकियों के नाम और उनकी तस्वीरें हैं। इनमें लिखा है कि पुलिस की इनकी तलाश है, अगर ये आतंकी कहीं नजर आते हैं तो जानकारी दें। दिल्ली पुलिस गणतंत्र दिवस को लेकर अलर्ट पर है। ट्रेन यात्रियों के बैग से कीमती सामान चुराने वाला गिरफ्तार, ₹21 लाख की ज्वेलरी बरामद महाराष्ट्र के ठाणे में पुलिस ने ट्रेन यात्रियों के बैग से ज्वेलरी चुराने के आरोप में व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, उसके पास से ₹21 लाख के सोने-चांदी के गहने बरामद किए गए हैं। गवर्नमेंट रेलवे पुलिस (GRP) के मुताबिक, यूपी के कानपुर देहात के रहने वाले विनय रमेशचंद्र सोनी (38) को 14 जनवरी को पकड़ा गया। वह अक्सर लोगों के बैग और पर्सों से चोरी करता था। महाराष्ट्र में पति से झगड़े के बाद गुस्साई महिला ने बेटी को मार डाला महाराष्ट्र के लातूर में पति से झगड़ा होने के बाद महिला ने अपनी एक साल की बेटी की हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि महिला का पति मजदूरी करके घर देरी से लौटा था। दोनों की इसी बात पर विवाद हुआ। गुस्से में महिला ने चाकू से बेटी की हत्या कर दी। आरोपी महिला को गिरफ्तार किया गया है। महाराष्ट्र के वर्धा में मानसिक अस्वस्थ युवक के हमने में 2 लोगों की मौत महाराष्ट्र के वर्धा जिले के अरवी कस्बे में बुधवार सुबह मानसिक अस्वस्थ युवक के हमले में 2 लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि घटना सुबह करीब 10 बजे गोल बाजार इलाके में हुई। 20 साल के आरोपी ने डंडे से दोनों लोगों पर हमला हुआ था। तेलंगाना के रंगारेड्डी में 100 आवारा कुत्तों को जहर देकर मारा तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले के एक गांव में किसी अज्ञात व्यक्ति ने 100 आवारा कुत्तों को जहर देकर मार डाला। एक एनिमल एक्टिविस्ट ने इस मामले में FIR कराई है। पुलिस ने गांव के सरपंच और दो अन्य लोगों पर केस दर्ज किया है। हालांकि कुत्तों के शव अभी तक बरामद नहीं हुए हैं। कुछ दिन पहले भी तेलंगाना में 500 से ज्यादा कुत्तों की हत्या की गई थी। पुलिस पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कुत्तों की लाशों को कहां दफनाया गया है। हैदराबाद में बेगमपेट फ्लाईओवर पर तेज रफ्तार कार पलटी, तीन घायल हैदराबाद में बुधवार सुबह बेगमपेट फ्लाईओवर पर तेज रफ्तार कार पलट गई। हादसे में कार सवार तीन लोग घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों की मदद से घायलों कोअस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के चलते फ्लाईओवर पर लंबा जाम लग गया था। शुरुआती जांच में रैश ड्राइविंग की बात सामने आई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अयोध्या के राम कथा म्यूजियम को 233 साल पुरानी दुर्लभ रामायण मैन्युस्क्रिप्ट भेंट की गई केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय ने बताया कि अयोध्या स्थित अंतरराष्ट्रीय राम कथा म्यूजियम को वाल्मीकि रामायण की 233 साल पुरानी एक दुर्लभ संस्कृत मैन्युस्क्रिप्ट उपहार में दी गई है। इसे सेंट्रल संस्कृत यूनिवर्सिटी के कुलपति श्रीनिवास वरखेड़ी ने प्रधानमंत्री संग्रहालय और पुस्तकालय की कार्यकारी परिषद के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा की दी, उन्होंने इसे म्यूजियम को सौंपा। मंत्रालय के अनुसार, यह मैन्युस्क्रिप्ट विक्रम संवत 1849 (1792 ई.) की है और महेश्वर तीर्थ की क्लासिकल टीका के साथ देवनागरी लिपि में लिखी गई है। इसमें बालकांड, अरण्यकांड, किष्किंधाकांड, सुंदरकांड और युद्धकांड शामिल हैं। अधिकारियों ने कहा कि इस दान से राम कथा म्यूजियम को वैश्विक केंद्र के रूप में विकसित करने में मदद मिलेगी और रामायण की समृद्ध विरासत अधिक लोगों तक पहुंच सकेगी। रायचूर में ट्रक और पिकअप गाड़ियों की आमने-सामने की टक्कर, 4 की मौत कर्नाटक के रायचूर में बूडीवाल क्रॉस के पास मंगलवार को एक ट्रक और दो पिकअप गाड़ियों के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, सभी मृतक दोनों पिकअप गाड़ियों में सवार थे, हालांकि उनकी पहचान अब तक नहीं हो सकी है। पुलिस ने बताया कि दोनों पिकअप गाड़ियां भेड़ों को लेकर सिंधनूर से बल्लारी की ओर जा रही थीं और एक के पीछे एक चल रही थीं। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर में पिकअप गाड़ियों में ले जाई जा रही भेड़ों की भी मौत हो गई और दोनों वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। होली पर दिल्ली सरकार की सौगात, EWS महिलाओं को मिलेगा मुफ्त गैस सिलेंडर नई दिल्ली में मंगलवार को हुई कैबिनेट बैठक में दिल्ली सरकार ने होली के मौके पर आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) की महिलाओं को मुफ्त रसोई गैस सिलेंडर देने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में यह निर्णय लिया गया, जिससे मार्च में होली के त्योहार पर लाभार्थियों को राहत मिल सकती है। यह योजना BJP के चुनावी घोषणा पत्र का हिस्सा थी, जिसमें होली और दिवाली पर EWS परिवारों की महिलाओं को मुफ्त सिलेंडर देने और अन्य कमजोर वर्गों को 500 रुपए सब्सिडी पर सिलेंडर उपलब्ध कराने का वादा किया गया था। राशन कार्डधारी EWS महिलाओं को यह लाभ मिलेगा और इस पर लगभग 300 करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान है। सरकार इससे पहले आयुष्मान भारत योजना लागू करने और अटल कैंटीन खोलने जैसे वादे भी पूरे कर चुकी है।


