केरल के पूर्व सीएम और सबसे वरिष्ठ कम्युनिस्ट पार्टी नेता वीएस अच्युतानंदन का सोमवार को निधन हो गया। वह 101 वर्ष के थे और पिछले कई सालों से बिस्तर पर ही थे। अच्युतानंदन 2006 से 2011 तक केरल के मुख्यमंत्री रहे और दशकों तक सीपीएम के एक प्रमुख नेता रहे। साथ ही केरल विधानसभा में सबसे लंबे समय तक विपक्ष के नेता रहे। ट्रेड यूनियन गतिविधियों और 1939 में राज्य कांग्रेस के जरिए अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू करने के बाद वे 1940 में कम्युनिस्ट पार्टी में शामिल हो गए थे। उन्होंने नारियल के रेशे के कारखानों के मजदूरों, ताड़ी निकालने वालों और खेतिहर मजदूरों को संगठित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आज की अन्य बड़ी खबरें… किश्तवाड़ में दूसरे दिन भी सर्च ऑपरेशन जारी, ड्रोन्स और स्नाइफर डॉग्स भी लगाए गए जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में छिपे आतंकवादियों की तलाश में सोमवार को सुरक्षा बलों ने फिर से सर्च ऑपरेशन शुरू किया। इस बार सर्च ऑपरेशन में ड्रोन और स्नाइफर डॉग्स की मदद ली जा रही है। पुलिस और सेना की संयुक्त कार्रवाई रविवार दोपहर खनकू जंगल (डच्छन और नागसेनी के बीच) में शुरू हुई थी। मुठभेड़ के बाद आतंकियों के भागने की सूचना पर इलाके में भारी संख्या में सुरक्षाबलों को भेजा गया। रविवार देर रात ऑपरेशन स्थगित किया गया था, जिसे सोमवार सुबह फिर से शुरू किया गया। सुरक्षा एजेंसियां इलाके को पूरी तरह से घेरकर तलाशी अभियान चला रही है। असम राइफल्स ने एक नाव से 76 करोड़ की हेरोइन और मेथामफेटामिन की गोलियां जब्त की असम राइफल्स ने सोमवार को मणिपुर पुलिस और सीआरपीएफ के साथ संयुक्त ऑपरेशन में जिरीबाम जिले में ₹76 करोड़ का मादक पदार्थ जब्त किए। आईजीएआर (ईस्ट) के पीआरओ की जारी रिपोर्ट में कहा गया है कि छापेमारी में दौरान साबुन के 616 डिब्बों में भरी हेरोइन और 50,000 मेथामफेटामिन की गोलियां जब्त की गईं हैं। नशीले पदार्थों का यह जखीरा एक नाव से जब्त किया गया है। टीम ने जब नाव को रोकने की कोशिश की तो वह भागने लगा। इसके बाद पीछा कर नाव रोक लिया गया। तलाशी के दौरान उसमें से हेरोइन और मेथामफेटामिन की गोलियां जब्त की गईं। चालक को भी अरेस्ट कर आगे की पूछताछ की जा रही है। मुंबई में शख्स ने नाबालिग पर कुत्ता छोड़ा, हाथों पर काटा, आरोपी पर केस दर्ज मुंबई में एक शख्स ने नाबालिग पर कुत्ता छोड़ दिया। कुत्ते ने बच्चे के हाथ और ठोड़ी में काट लिया। आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस के मुताबिक, घटना 17 जुलाई की है। रात लगभग 10 बजे मोहम्मद सोहेल खान ने जानबूझकर अपने पालतू कुत्ते को एक नाबालिग लड़के पर छोड़ दिया, जो एक खड़ी ऑटो-रिक्शा में खेल रहा था। कुत्ते ने नाबालिग लड़के पर हमला किया, उसकी ठोड़ी और हाथों पर काट लिया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में 3.1 तीव्रता का भूकंप आया जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में रविवार देर रात 3.1 तीव्रता का भूकंप आया। ये जमीन में 10 किलोमीटर की गहराई में आया। हालांकि भूकंप के कारण किसी तरह के जान-माल के नुकसान की बात सामने नहीं आई है। अरुणाचल के ऊपरी सुबनसिरी इलाके में 3.4 तीव्रता का भूकंप आया अरुणाचल के ऊपरी सुबनसिरी में रविवार देर रात 3.4 तीव्रता का भूकंप आया। ये जमीन में 5 किमी की गहराई मे था। हालांकि भूकंप के कारण किसी तरह के जान-माल के नुकसान की बात सामने नहीं आई है।


