चुनाव आयोग (ECI) ने विशेष गहन संशोधन (SIR) प्रक्रिया से जुड़े राज्यों में 22 और रोल ऑब्जर्वर तैनात किए हैं। इनमें से 11 नए ऑब्जर्वर पश्चिम बंगाल में नियुक्त किए गए हैं, जिससे राज्य में रोल ऑब्जर्वर की कुल संख्या 20 हो गई है। चुनाव आयोग के अनुसार, ये तैनाती मतदाता सूची संशोधन प्रक्रिया की निगरानी, पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की गई है। आज की अन्य बड़ी खबरें… जम्मू-कश्मीर के सांबा में PIA लिखा गुब्बारा मिला, 24 घंटे में दूसरी घटना जम्मू-कश्मीर के सांबा जिले के राजौली में मंगलवार को लाल-सफेद रंग का गुब्बारा मिला है। इस पर PIA लिखा है। 24 घंटे में गुब्बारा मिलने की यह दूसरी घटना है। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक गुब्बारे को सबसे पहले विलेज डिफेंस गार्ड (VDG) के सदस्य ने देखा था। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। चुनावों में मदद के लिए भारत ने नेपाल को 60 डबल-कैब पिकअप व्हीकल गिफ्ट किए भारत ने मंगलवार को नेपाल को 60 से ज्यादा डबल-कैब पिकअप व्हीकल गिफ्ट किए हैं। जिससे 5 मार्च को होने वाले चुनावों की तैयारी में नेपाल को मदद मिल सके। भारतीय दूतावास के चार्ज अफेयर्स डॉ. राकेश पांडे ने मंगलवार को नेपाल के गृह मंत्री ओम प्रकाश अर्याल को ये व्हीकल सौंपे। भारत चुनाव के लिए नेपाल को 650 वाहनों की सहायता प्रदान करने की योजना बना रहा है, जो कई चरणों में दिए जाएंगे। सबरीमाला गोल्ड चोरी केस के मुख्य आरोपी को जमानत मिली सबरीमाला गोल्ड की चोरी केस के मुख्य आरोपी उन्नीकृष्णन पोट्टी को जमानत मिल गई है। 90 दिन बाद भी चार्जशीट दाखिल नहीं होने पर उन्हें कानूनी जमानत दी गई। उन्नीकृष्णन पर सबरीमाला मंदिर से रेनोवेशन के नाम पर सोने की चोरी करने का आरोप है। मामले में केरल हाइकोर्ट की गठित SIT जांच कर रही है। दिल्ली-एनसीआर में GRAP की स्टेज 4 को हटाया गया, हवा की क्वालिटी में सुधार कमीशन फॉर एयर क्वालिटी मैनेजमेंट (CAQM) ने दिल्ली NCR में ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP) के स्टेज 4 को हटा दिया है। हवा की क्वालिटी में सुधार होने के बाद ये फैसला लिया गया है। कमीशन ने कहा कि प्रदूषण के लेवल को कंट्रोल करने के लिए स्टेज-1, 2 और 3 के तहत उठाए गए कदम लागू रहेंगे। महाराष्ट्र में वेस्टर्न एक्सप्रेस-वे पर प्राइवेट बस में आग लगी, कोई हताहत नहीं मलाड इलाके में वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर मंगलवार सुबह एक प्राइवेट बस में आग लग गई। इससे कुछ देर के लिए ट्रैफिक रुक गया। हादसे में किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है। बस के अगले हिस्से में जिस वक्त आग लगी, उसमें यात्री सवार थे। उन सभी को सुरक्षित निकाल लिया गया। दमकलकर्मियों ने 30 मिनट में आग बुझा दी। असम के कोकराझार में भीड़ के हमले में एक व्यक्ति की मौत, 4 गंभीर घायल असम के कोकराझार जिले में मवेशी चोरी के संदेह में भीड़ के हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक, सड़क निर्माण परियोजना से जुड़े ये लोग सोमवार रात औदांग इलाके से निरीक्षण कर लौट रहे थे। गौरी नगर-माशिंग रोड पर स्थानीय लोगों ने उन्हें रोकने की कोशिश की, जिससे वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इसके बाद भीड़ ने वाहन में सवार लोगों पर हमला कर आग लगा दी, जिससे वे झुलस गए। अस्पताल ले जाने पर सिखना ज्वह्वलाओ बिस्मित उर्फ राजा की मौत हो गई। घायलों का इलाज कोकराझार मेडिकल कॉलेज में चल रहा है, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। कर्नाटक के चिक्कबल्लापुर में ट्रक से टकराई बस, 1 यात्री की मौत 11 घायल कर्नाटक के चिक्कबल्लापुर जिले में सोमवार को एक पैसेंजर्स बस और ट्रक टक्कर हो गई। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 11 घायल हो गए। घायलों ने बताया कि बस आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई थी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस के अगले हिस्से को भारी नुकसान पहुंचा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य किया। घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। सबरीमाला सोना चोरी मामला- ED ने केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु में 21 लोकेशन पर छापे मारे; इनमें मुख्य आरोपी के ठिकाने भी शामिल प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मंगलवार को सबरीमाला सोना चोरी मामले में मनी लॉन्ड्रिंग जांच के तहत तीन राज्यों में तलाशी अभियान चलाया। उन्होंने बताया कि प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) के प्रावधानों के तहत केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु में लगभग 21 जगहों पर छापे मारे जा रहे हैं। माना जा रहा है कि इस कार्रवाई के तहत जांच एजेंसी ने मुख्य आरोपी उन्नीकृष्णन पोट्टी और पूर्व त्रावणकोर देवस्वोम बोर्ड (TDB) के अध्यक्ष ए पद्मकुमार से जुड़े बेंगलुरु स्थित परिसरों को भी शामिल किया है। ED ने हाल ही में केरल पुलिस की FIR का संज्ञान लेते हुए PMLA मामला दर्ज किया था। कर्नाटक के सीनियर पुलिस अधिकारी रामचंद्र राव सस्पेंड, अश्लील वीडियो वायरल होने के बाद एक्शन कर्नाटक पुलिस के डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस(DGP) (सिविल राइट्स एनफोर्समेंट) का अश्लील वीडियो वायरल होने के बाद उन्हें सस्पेंड कर दिया गया है। वीडियो में DGP रामचंद्र राव कई महिलाओं के साथ आपत्तिजनक हालत में दिख रहे थे। ये वीडियो सोमवार को सामने आए थे, जिसके बाद सरकार ने उनके खिलाफ कार्रवाई की है। हालांकि, राव ने आरोपों को खारिज करते हुए वीडियो को झूठा बताया है। वीडियो वायरल होने के बाद वह गृह मंत्री जी. परमेश्वर से मिलने भी पहुंचे थे, लेकिन मुलाकात नहीं हो सकी। तमिलनाडु के कल्लाकुरिची में हीलियम गैस सिलेंडर ब्लास्ट; 1 की मौत, 18 घायल तमिलनाडु में कल्लाकुरिची जिले के मनालुरपेट्टई में थेनपेनई रिवर फेस्टिवल के दौरान गुब्बारों के लिए हीलियम गैस से भरा एक सिलेंडर फट गया। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई और कम से कम 18 लोग घायल हो गए। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि घायलों को हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। यह घटना एक छोटी सी दुकान के अंदर हुई जो हीलियम गैस से भरे गुब्बारे बेचती है। तमिल में आत्रु थिरुविझा नाम का यह फेस्टिवल अक्सर तमिल महीने थाई (थाई पूसम) के पांचवें दिन विल्लुपुरम, कुड्डालोर और कल्लाकुरिची जैसे जिलों में मनाया जाता है, जो पोंगल फसल उत्सव के खत्म होने का प्रतीक है, इसमें भीड़ उमड़ती है। कोलकाता में मेस्सी के GOAT टूर केस में आयोजक सतद्रु दत्ता को जमानत मिली कोलकाता में फुटबालर लियोनेल मेस्सी के GOAT टूर के दौरान हुई अव्यवस्था मामले में मुख्य आयोजक सतद्रु दत्ता को बिधाननगर कोर्ट से ज़मानत मिल गई है। कोर्ट ने 5,000-5,000 रुपये के दो ज़मानत बॉन्ड पर रिहाई का आदेश दिया। दत्ता 13 दिसंबर को गिरफ्तारी के बाद करीब 35 दिन से न्यायिक हिरासत में थे। यह मामला साल्ट लेक स्टेडियम में हुए मेस्सी के इवेंट से जुड़ा है, जहां खराब मैनेजमेंट के चलते भारी भीड़ बेकाबू हो गई थी। मेस्सी के जल्दी चले जाने से नाराज़ फैंस ने तोड़-फोड़ की थी। कोर्ट ने दत्ता की पारिवारिक स्थिति और स्थानीय निवासी होने को ध्यान में रखते हुए ज़मानत दी है, हालांकि उन्हें राज्य छोड़ने की इजाज़त नहीं होगी। दिल्ली मेट्रो में नाबालिग ने फोटो लेने के दौरान अमेरिकी लड़की से की छेड़छाड़ दिल्ली मेट्रो में यात्रा के दौरान एक अमेरिकी लड़की से छेड़छाड़ की हैरान करने वाली घटना सामने आई है। पीड़िता का दावा है कि एक नाबालिग ने उसके साथ फोटो खींचवाने के लिए कहा तो राजी हो गई। फोटो खीचने के दौरान नाबालिग ने उनके प्राइवेट पार्ट्स को गलत तरीके से छुआ। विरोध करने पर नाबालिग के साथ मौजूद उसकी मां व बहन ने उसे हटाने की वजह उसकी गलत हरकतों पर पर्दा डालते हुए कहा कि वह सिर्फ गोरी लड़कियों के बारे में जानने के लिए उत्सुक था। इसके घटना के बाद वह बुरी तरह डर गई और उन्होंने इसकी जानकारी अपने प्रोफेसर को दी। इसके बाद न्यू जर्सी के स्टीवंस इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में भारतीय मूल के प्रोफेसर गौरव सबनीस ने एक्स पर अपनी स्टूडेंट की कहानी शेयर की है और कहा इस घटना के बाद शायद ही वह कभी वापस भारत आ पाएंगी। मिजोरम में 28 करोड़ की ड्रग्स मेथ टैबलेट जब्त, असम का युवक गिरफ्तार मिजोरम के चंफाई जिले में असम राइफल्स ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 28.17 करोड़ रुपए की मेथामफेटामिन टैबलेट जब्त की है। रविवार को की गई इस कार्रवाई में 9.391 किलो नशीली गोलियां बरामद हुईं, जबकि असम के रहने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। असम राइफल्स ने सोमवार को जानकारी देते हुए बताया कि यह कार्रवाई चंफाई जिले के न्गुर गांव में की गई। जवानों को एक पिकअप वैन की संदिग्ध गतिविधियों पर शक हुआ, जिसके बाद वाहन की तलाशी ली गई। जांच के दौरान वाहन के स्पेयर टायर में छिपाकर रखी गई मेथामफेटामिन टैबलेट बरामद हुईं। जब्त की गई ड्रग्स की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 28.17 करोड़ रुपए आंकी गई है। इससे पहले 14 जनवरी को आइजोल के बाहरी इलाके जेम्बॉक में 9.8 किलो मेथामफेटामिन टैबलेट बरामद की गई थी, जिसकी कीमत 29.4 करोड़ रुपए बताई गई थी।


