जम्मू-कश्मीर के सांबा जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास एक चौकी के अंदर रविवार को एक सैन्यकर्मी की अपनी सर्विस राइफल से गोली लगने से मौत हो गई। तेलंगाना का रहने वाला यह जवान बॉर्डर पोस्ट सरोज में संतरी की ड्यूटी पर था, तभी उसकी सर्विस राइफल चल गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना शाम 4:30 बजे हुई। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि उसने आत्महत्या की है। हालांकि, अधिकारियों ने बताया कि उसके इस तरह के कदम उठाने के पीछे का मकसद अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। आज की अन्य बड़ी खबरें… महाराष्ट्र के सोलापुर की फैक्ट्री में आग लगी; 8 की मौत, मरने वालों में फैक्ट्री मालिक और उनका डेढ़ साल का पोता भी महाराष्ट्र के सोलापुर जिले में एक फैक्ट्री में लगी भीषण आग में तीन महिलाओं और एक बच्चे समेत आठ लोगों की मौत हो गई। अक्कलकोट रोड पर स्थित सेंट्रल टेक्सटाइल मिल्स में सुबह करीब 3:45 बजे शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी थी। मरने वालों में फैक्ट्री मालिक हाजी उस्मान हसनभाई मंसूरी, उनके डेढ़ साल के पोते समेत उनके परिवार के तीन सदस्य और चार कर्मचारी शामिल हैं। इनमें 3 महिलाएं भी हैं। लपटों पर काबू पाने में पांच से छह घंटे लग गए। मणिपुर में 350 से अधिक उग्रवादी गिरफ्तार; जबरन वसूली करने वाले गिरोहों का मकसद विवाह और संपत्ति विवाद मणिपुर में सुरक्षा बलों ने जबरन वसूली करने वाले गिरोहों पर कड़ी कार्रवाई करते हुए 350 से ज्यादा उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। ये गिरोह मुख्य रूप से अब वैवाहिक विवादों को सुलझाने के लिए पैसे की मांग कर रहे हैं। इन उग्रवादियों को इस साल फरवरी में राज्य में राष्ट्रपति शासन लागू होने के बाद पकड़ा गया था। राज्यपाल प्रशासन ने आम जनता को स्पष्ट निर्देश दिया है कि वे जबरन वसूली के किसी भी प्रयास की सूचना पुलिस को दें या उग्रवादियों की सहायता करने पर कानूनी कार्रवाई का सामना करें। केरल में 10वीं क्लास में रोबोटिक्स एजुकेशन अनिवार्य, ऐसा करने वाला पहला राज्य केरल सरकार ने 2 जून से नए सेशन में 10वीं क्लास के सभी 4.3 लाख छात्रों के लिए रोबोटिक्स एजुकेशन अनिवार्य कर दी है। ऐसा करने वाला देश का पहला राज्य बन गया है। इसके लिए पूरे राज्य में हाई स्कूलों में 29,000 रोबोटिक किट बांटी गईं हैं। तमिलनाडु के तिरुप्पुर से वलपरई जा रही बस 20 फीट गहरी खाई में गिरी, हादसे में 40 लोग घायल तमिलनाडु के तिरुप्पुर से वलपरई जा रही एक बस रविवार सुबह 20 फीट गहरी खाई में गिर गई। हादसे में कम से कम 40 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए पोल्लाची अस्पताल भेजा गया। राहत और बचाव कार्य में वलपरई पुलिस और फायर ब्रिगेड ने तुरंत कार्रवाई की। हादसे के समय बस में कई यात्री सवार थे। अरुणाचल में भूकंप के झटके, रिक्टर स्केल पर 3.8 की तीव्रता मापी गई अरुणाचल प्रदेश के दिबांग घाटी में रविवार सुबह 5:06 बजे भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 3.8 मापी गई। अभी तक किसी नुकसान की खबर नहीं है। सरकारी टीमें हालात की जांच कर रही हैं।


