भास्कर अपडेट्स:जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में सर्च ऑपरेशन जारी, कल मुठभेड़ के बाद 2–3 आतंकी फरार हुए

जम्मू-कश्मीर में किश्तवाड़ जिले के जनसीर-कांडीवार जंगल में आतंकियों से मुठभेड़ के बाद सुरक्षाबलों ने तलाशी अभियान तेज कर दिया है। भारी बर्फबारी के बावजूद सेना और पुलिस ऊंचाई वाले इलाकों में सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। रविवार रात करीब 10.20 बजे सुरक्षाबलों ने आतंकियों की हलचल देखी, कुछ देर फायरिंग हुई लेकिन 2–3 आतंकी जंगल का फायदा उठाकर भाग निकले। पिछले एक हफ्ते में इस इलाके में यह तीसरी मुठभेड़ है। 18 जनवरी को सोनार गांव में हुई मुठभेड़ में एक पैरा कमांडो शहीद हुआ था और सात जवान घायल हुए थे। 22 जनवरी को आतंकियों को फिर घेरने की कोशिश की गई, लेकिन वे बच निकले। राजौरी जिले के केरी इलाके में एलओसी के पास पेट्रोलिंग के दौरान लैंडमाइन विस्फोट में सेना का एक जवान घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। सेना के अनुसार बारिश के कारण एंटी-इनफिल्ट्रेशन सिस्टम की लैंडमाइन खिसकने से ऐसे हादसे होते हैं। आज की अन्य बड़ी खबरें… जम्मू-कश्मीर के बांदीपुरा में CRPF कैंप में आग लगी, फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची जम्मू-कश्मीर में बांदीपुरा के सुंबल में स्थित CRPF कैंप में आज सुबह आग लग गई। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने की कोशिश कर रही है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं लगा है। फिलहाल हादसे में किसी जनहानि की जानकारी नहीं है। कोलकाता के आनंदपुर में गोदाम में आग लगी, सात घंटे की मशक्कत के बाद काबू पाया गया पश्चिम बंगाल के कोलकाता के आनंदपुर इलाके में एक गोदाम में सोमवार सुबह भीषण आग लग गई। सात घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। अधिकारी ने बताया कि आग की सूचना सुबह 3 बजे मिली थी। लपटें बुझाने के लिए बारह दमकल गाड़ियां लगाई गईं। सुबह करीब 10 बजे आग पर काबू पा लिया गया। गोदाम के कुछ कर्मचारियों ने दावा किया कि आग लगने के समय उनके तीन सहकर्मी नाइट ड्यूटी पर थे। हालांकि, दमकल अधिकारी ने कहा है कि आग में कोई हताहत नहीं हुआ है, न ही कोई लापता है। राजस्थान में मिनी ट्रक ने 6 श्रद्धालुओं को रौंदा, तीन की मौत; बोलेरो को करीब 100 मीटर तक घसीटा राजस्थान के बालोतरा में रविवार रात भारत माला एक्सप्रेस-वे पर एक मिनी ट्रक ने 6 लोगों को रौंद दिया। हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी लोग जसोल स्थित राणी भटियाणी माता मंदिर में दर्शन के लिए पैदल यात्रा पर निकले थे। उनके पीछे एक बोलेरो गाड़ी चल रही थी। ट्रक ने पहले बोलेरो को टक्कर मारी। फिर बोलेरो सहित आगे चल रहे यात्रियों को करीब 100 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया और बैरिकेड से टकराकर रुका। पुलिस ने मिनी ट्रक को जब्त कर ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पूरी खबर पढ़ें… BCCI के पूर्व अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह बिंद्रा का 84 साल की उम्र में निधन भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के पूर्व अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह बिंद्रा का रविवार को नई दिल्ली में निधन हो गया। वे 84 साल के थे। बिंद्रा 1993 से 1996 तक BCCI के अध्यक्ष रहे। इसके अलावा उन्होंने 1978 से 2014 तक पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन (PCA) की कमान संभाली। 2015 में मोहाली स्थित PCA स्टेडियम का नाम बदलकर आईएस बिंद्रा स्टेडियम रखा गया। बिंद्रा को 1987 क्रिकेट वर्ल्ड कप के आयोजन में अहम भूमिका निभाने के लिए याद किया जाता है। उस समय इसे रिलायंस कप कहा गया था। यह पहला मौका था जब क्रिकेट वर्ल्ड कप इंग्लैंड से बाहर भारत में आयोजित हुआ। इससे पहले 1975, 1979 और 1983 के वर्ल्ड कप इंग्लैंड में ही हुए थे। क्रिकेट प्रसारण के क्षेत्र में भी उनका योगदान अहम माना जाता है। 1994 में उन्होंने दूरदर्शन की एकाधिकार व्यवस्था को चुनौती देते हुए सुप्रीम कोर्ट का रुख किया था। अदालत के फैसले के बाद ESPN और TWI जैसी अंतरराष्ट्रीय ब्रॉडकास्टिंग कंपनियां भारतीय बाजार में आईं, जिससे क्रिकेट का व्यावसायिक स्वरूप तेजी से बदला। 2014 में क्रिकेट प्रशासन से संन्यास लेने के बाद बिंद्रा ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) में भी जिम्मेदारी संभाली। शरद पवार के अध्यक्ष रहते वे ICC के प्रिंसिपल एडवाइजर रहे। हालांकि उनके करियर में विवाद भी रहे। आईपीएल स्पॉट फिक्सिंग मामले में ललित मोदी के समर्थन और क्रिकेट साउथ अफ्रीका के CEO की नियुक्ति को लेकर उन्हें आलोचना का सामना करना पड़ा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *