झारखंड हाईकोर्ट ने कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को 6 अगस्त को चाईबासा अदालत में पेश होने का निर्देश दिया है। यह मामला 2018 में तत्कालीन भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के खिलाफ की गई अपमानजनक टिप्पणी से जुड़ा है। आज की अन्य बड़ी खबरें… राष्ट्रपति मुर्मू का असम दौरा दूसरी बार टला, इससे पहले पहलगाम हमले के कारण यात्रा स्थगित की थी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की 12 जून को असम की यात्रा स्थगित कर दी गई है। अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि मुर्मू राज्य सरकार के एक समारोह में प्रसिद्ध नृत्यांगना सोनल मानसिंह को श्रीमंत शंकरदेव पुरस्कार देने जाने वाली थीं। हालांकि, अब राष्ट्रपति की गैरमौजूदगी में राज्यपाल पुरस्कार देंगे। यह दूसरी बार है जब राष्ट्रपति मुर्मू ने अपना असम दौरा स्थगित किया है। मुर्मू को पहले 25 अप्रैल को राज्य पुरस्कार देने असम जाना था, लेकिन पहलगाम आतंकी हमले और उसके बाद के घटनाक्रमों के कारण उन्होंने अपना दो दिवसीय दौरा स्थगित कर दिया था। दिल्ली यूनिवर्सिटी के नॉर्थ कैंपस के जूलॉजी डिपार्टमेंट की 5वीं मंजिल पर आग, दमकल ने काबू पाया दिल्ली यूनिवर्सिटी के नॉर्थ कैंपस के जूलॉजी डिपार्टमेंट की 5वीं मंजिल पर स्थित कंप्यूटर लैब में मंगलवार शाम आग लग गई। फायर सर्विस के एक अधिकारी ने बताया कि उन्हें शाम 5:15 बजे आग की सूचना मिली। छह दमकल गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। हादसे में किसी के हताहत होने या घायल होने की खबर नहीं है। चुनाव आयोग ने कमल हासन का नामांकन स्वीकार किया, एक्टर सहित 6 अन्य का राज्यसभा सांसद बनना तय चुनाव आयोग ने एक्टर-पॉलिटिशियन कमल हासन का नोमिनेशन स्वीकार कर लिया है। निर्वाचन अधिकारी ने मंगलवार को इसकी जानकारी दी। मक्कल नीधि मय्यम पार्टी के चीफ कमल हासन के अलावा 5 नेताओं का राज्यसभा सांसद बनना लगभग तय है। तमिलनाडु की 6 राज्यसभा सीटों के सांसद 24 जुलाई को रिटायर हो रहे हैं। रिटायर होने वाले सांसदों में एमडीएमके के वाइको और पीएमके के अंबुमणि रामदास शामिल हैं। 6 सीटों के लिए 19 जून को वोटिंग होगी। हालांकि, सभी 6 उम्मीदवारों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया जाना तय है। चुनाव आयोग ने पिछले महीने तमिलनाडु से राज्यसभा के लिए चुनाव की घोषणा की थी। 9 जून को नामांकन की आखिरी तारीख थी। 10 जून को नामांकन की जांच की गई। 12 जून को उम्मीदवारों की नाम वापसी का आखिरी दिन होगा। गाजियाबाद में सूटकेस में मिली महिला की लाश, शरीर पर चोट के निशान उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में 28 साल की महिला की लाश सूटकेस में मिली है। सूटकेस चादर में लपेटकर फेंका गया था। मंगलवार सुबह 8 बजे इसे कुत्ते खींच रहे थे। आसपास के लोगों को शक हुआ तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस, महिला पुलिस, फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंची है। महिला के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। गले पर भी निशान है। नाक से खून बहा है। पुलिस मान रही कि गला दबाकर हत्या की गई। पूरी खबर पढ़ें… राजस्थान के टोंक में बनास नदी में डूबने से 8 की मौत, तीन घायल; नहाते समय हुआ हादसा राजस्थान के टोंक की बनास नदी में डूबने से 8 लोगों की मौत हो गई है। तीन घायल हैं। सूचना पर पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचा है। स्थानीय लोगों और पुलिस ने 7 के शव बाहर निकाल लिए हैं। बताया जा रहा है कि मरने वाले सभी लोग जयपुर के रहने वाले थे। शवों को टोंक के सआदत अस्पताल में रखवाया गया है। अस्पताल में लोगों की भीड़ जमा हो गई है। एसपी विकास सांगवान, एएसपी ब्रिजेंद्र सिंह भाटी मौके पर मौजूद है। जानकारी के अनुसार, बनास नदी में मंगलवार दोपहर करीब 1.30 बजे 11 लड़के नहाने गए थे। इसके बाद इनके डूबने की सूचना आई। पूरी खबर पढ़ें… खड़गे ने PM मोदी को पत्र लिखकर कहा- लोकसभा में डिप्टी स्पीकर की नियुक्ति प्रक्रिया शुरू करें, 17वीं-18वीं टर्म से ही पद खाली कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने मंगलवार को पीएम मोदी को पत्र लिखकर लोकसभा में डिप्टी स्पीकर के चुनाव की प्रक्रिया जल्द शुरू करने की मांग की। उन्होंने ने लिखा- डिप्टी स्पीकर का पद दो लोकसभा टर्म (17वीं और अब 18वीं) से खाली है। यह पद खाली रहना संविधान के प्रावधानों का उल्लंघन है और लोकतंत्र के लिए सही संकेत नहीं। खड़गे ने लिखा- स्वतंत्र भारत के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है। पहले से यह परंपरा रही है कि लोकसभा उपाध्यक्ष मुख्य विपक्षी दल के सदस्य को बनाया जाता है। दिल्ली में अपार्टमेंट के सातवें फ्लोर पर आग लगी, बालकनी से छलांग लगाने से पिता, दो बच्चों की मौत दिल्ली के द्वारका सेक्टर-13 स्थित शबद अपार्टमेंट की सातवीं मंजिल के एक फ्लैट में मंगलवार सुबह आग लग गई। फ्लैट के अंदर एक पिता अपने दो बच्चों (एक लड़का-एक लड़की) के साथ फंस गए थे। बचने के लिए 10 साल के दोनों बच्चों ने बालकनी से छलांग लगाई। उनके साथ उनके पिता यश यादव (35) ने भी छलांग लगा दी। तीनों को अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दिल्ली फायर सर्विस ने बताया कि उन्हें सुबह 10:01 बजे इस घटना की सूचना मिली, जिसके बाद तुरंत आठ फायर टेंडर मौके पर भेजे गए। दमकल कर्मियों ने बिना देर किए बचाव और आग बुझाने का अभियान शुरू कर दिया था। आग लगने के कारण का पता लगाया जा रहा है। पूरी खबर पढ़ें… जम्मू-कश्मीर के पूर्व CM फारूक अब्दुल्ला ने वंदे भारत ट्रेन में सफर किया नेशनल कॉन्फ्रेंस प्रमुख और जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला ने मंगलवार सुबह नौगांव रेलवे स्टेशन से कटरा तक वंदे भारत ट्रेन में सफर किया। उन्होंने कहा कि मैं बहुत खुश हूं कि मैं इस ट्रेन से कटरा जा रहा हूं। यह हमारे लिए एक बहुत बड़ा सौभाग्य है और इससे पर्यटकों को काफी फायदा होगा। सड़क के रास्ते यात्रा करना मुश्किल हो जाता है और हवाई यात्रा के किराए बहुत ज्यादा हैं। ऐसे में यह ट्रेन हमारे लिए बहुत फायदेमंद साबित होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 6 जून को इस ट्रेन का उद्घाटन किया था। कटरा-श्रीनगर वंदे भारत एक्सप्रेस के टिकट IRCTC की वेबसाइट से बुक किए जा सकते हैं। ट्रेन में दो ट्रैवल क्लास हैं। चेयरकार का किराया 715 रुपए और एक्जीक्यूटिव क्लास का किराया 1320 रुपए है। हफ्ते में 6 दिन दो ट्रेनें कटरा और श्रीनगर के बीच चलेंगी। ये अभी ट्रेनें सिर्फ बनिहाल में रुकेंगी, अन्य स्टॉपेज पर फैसला बाद में होगा। असम के धुबरी में मंदिर के पास गोमांस मिलने से सांप्रदायिक तनाव; जिला प्रशासन ने कर्फ्यू लगाया असम के धुबरी शहर में रविवार को एक मंदिर के पास गोमांस का टुकड़ा मिलने के बाद माहौल बिगड़ गया। इसके विरोध में सोमवार को कई लोग सड़कों पर उतर आए। भीड़ को काबू करने के लिए पुलिस को आंसू गैस छोड़नी पड़ी। जिला प्रशासन ने स्थिति को देखते हुए धारा 163 लागू कर दी है। अब धुबरी शहर में सभी दुकानें और बाजार बंद रहेंगे। पांच या उससे ज्यादा लोग किसी भी सार्वजनिक जगह पर इकट्ठा नहीं हो सकेंगे। रैली, जुलूस और प्रदर्शन पर भी रोक लगा दी गई है। जिलाधिकारी दिबाकर नाथ ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि कर्फ्यू नहीं है, लेकिन सख्ती रहेगी। जरूरी सेवाओं को छूट दी गई है। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने बताया कि ईद के दिन कई जगह अवैध रूप से जानवर काटे गए थे। अब तक 16 लोगों की गिरफ्तारी हुई है। दिल्ली के विकासपुरी इलाके में पुलिस को कार के अंदर व्यक्ति का शव मिला दिल्ली के विकासपुरी इलाके में सोमवार शाम को एक गाड़ी के अंदर एक व्यक्ति मृतक अवस्था में मिला। मृतक की पहचान पहचान राकेश कुमार (55), निवासी चौखंडी के रूप में हुई है। शाम करीब 6:30 बजे पुलिस को कॉल मिली कि PVR विकासपुरी के पास एक कार कल शाम से ऐसे ही खड़ी है और उसमें से तेज बदबू आ रही है। पुलिस मौके पर पहुंची तो देखा कि कार खुली थी और अंदर एक आदमी मृत हालत में पड़ा था। उसकी शरीर पर कोई चोट के निशान नहीं मिले हैं। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है ताकि मौत की सही वजह पता चल सके। परिवार को सूचना दे दी गई है और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस को कोई आपराधिक बात नहीं दिखी है, लेकिन हर एंगल से जांच की जा रही है।


