भास्कर अपडेट्स:दिल्ली में भाजपा अध्यक्ष नड्डा के घर पर बैठक पूरी, शाह-राजनाथ पहुंचे; उपराष्ट्रपति उम्मीदवार पर चर्चा की खबर

भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के दिल्ली स्थित आवास पर आज शाम बैठक हुई। इसमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत अन्य भाजपा नेता मौजूद रहे। इसमें एनडीए के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के नाम पर चर्चा होने के कयास लगाए जा रहे हैं। उपराष्ट्रपति प्रत्याशी को तय करने की जिम्मेदारी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा को दी गई है। उपराष्ट्रपति पद के लिए नामांकन की आखिरी तारीख 21 अगस्त है जबकि चुनाव 9 सितंबर को चुनाव होगा। उपराष्ट्रपति चुनाव में लोकसभा और राज्यसभा के सांसद वोट डालेंगे। जगदीप धनखड़ ने 21 जुलाई की रात अचानक देश के 14वें उपराष्ट्रपति के पद से इस्तीफा दे दिया था। 74 साल के धनखड़ का कार्यकाल 10 अगस्त 2027 तक था। आज की अन्य बड़ी खबरें… नगालैंड के राज्यपाल ला गणेशन का निधन, चेन्नई के अस्पताल में भर्ती थे नगालैंड के राज्यपाल ला गणेशन (80) का शुक्रवार को चेन्नई के अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। कोहिमा राजभवन के जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि 8 अगस्त को गणेशन चेन्नई स्थित अपने घर पर बेहोश हो गए थे और उनके सिर में चोट लग गई थी। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने गहन निगरानी और इलाज के लिए उन्हें आईसीयू में भर्ती कराया। गणेशन को 12 फरवरी, 2023 को नगालैंड का 21वां राज्यपाल नियुक्त किया गया और उन्होंने उसी वर्ष 20 फरवरी को पदभार ग्रहण किया था। झारखंड में सेप्टिक टैंक साफ करते समय 4 लोगों की दम घुटने से मौत झारखंड के गढ़वा जिले में शुक्रवार को सेप्टिक टैंक साफ करते वक्त 4 लोगों का दम घुट गया। पुलिस के मुताबिक, मरने वालों में 3 भाई हैं। घटना गढ़वा के नवादा गांव में हुई। पलामू रेंज DIG नौशाद आलम ने कहा- मरने वालों में अजय चौधरी (50), चंद्रशेखर चौधरी (42), राजू शेखर चौधरी (55) और माल्टू राम शामिल हैं। मामले की जांच की जा रही है। पुणे के पब में स्वतंत्रता दिवस पर शराब बेचने पर मैनेजर के खिलाफ मामला दर्ज, पांच से छह पबों के खिलाफ भी कार्रवाई पुणे में शुक्रवार सुबह एक पब में शराब बेचने पर मैनेजर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। स्वतंत्रता दिवस के दिन पर शुक्रवार को ड्राई डे घोषित किया गया है। येरवडा पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने बताया कि उन्हें रात करीब 12:30 बजे कल्याणीनगर इलाके में स्थित बॉलर नामक एक पब में शराब बेचे जाने की सूचना मिली थी। पुलिस की एक टीम ने रात करीब 1:10 बजे रेड की। उस वक्त पब में शराब बेची जा रही थी। इसके बाद पब मैनेजर रेमंड डी सूजा के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। पुलिस और आबकारी अधिकारियों ने बाद में कल्याणीनगर और बंडगार्डन के पांच से छह पबों के खिलाफ भी इसी तरह की कार्रवाई की। बेंगलुरु के एक घर में सिलेंडर ब्लास्ट, एक बच्चे की मौत, 12 घायल; आस-पड़ोस के घरों को भी नुकसान कर्नाटक के बेंगलुरु में शुक्रवार को सिलेंडर फटने से 10 साल के एक बच्चे की मौत हो गई और 12 लोग घायल हो गए। यह हादसा सेंट्रल बेंगलुरु के विल्सन गार्डन के चिन्नायनपाल्या में हुई। यह एक घनी आबादी वाला आवासीय इलाका है, जहां घर एक-दूसरे से सटे हुए हैं। पुलिस ने बताया कि घायलों को पास के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रेस्क्यू ऑपरेशन अभी भी जारी है। धमाका इतना जोरदार था कि 8 से 10 घर ढह गए। कई घरों की एस्बेस्टस शीट की छतें टूट गईं और दीवारें भी गिर गईं। पूरी खबर पढ़ें… पंजाब के मोहाली में 3 अंतरराज्यीय चोरी गिरोहों का खुलासा, 6 गिरफ्तार, 35 लाख कैश बरामद; चोरी के 8 मामले सुलझे पंजाब के मोहाली में एसएएस नगर पुलिस ने तीन अंतरराज्यीय चोरी गिरोहों का खुलासा किया है। साथ ही छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से लगभग 35 लाख रुपए की चोरी की संपत्ति बरामद की है। SSP हरमनदीप सिंह हंस ने गुरुवार को बताया कि इन गिरफ्तारियों से एसएएस नगर में चोरी के पांच और अन्य जिलों में चोरी के तीन और मामले सुलझ गए हैं। SSP ने बताया कि बरामद सामान में दो महिंद्रा बोलेरो गाड़ी, सात स्प्लिट एयर कंडीशन यूनिट, तीन सोने के हार, चार सोने की अंगूठियां, एक जोड़ी सोने की बालियां, 545 ग्राम चांदी के आभूषण, रेमंड कपड़े के 41 पीस, 72 महिलाओं के सूट, लोहे की छड़ें और पेचकस सहित चोरी के सामान शामिल हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *