दिल्ली सरकार 1 अप्रैल से शहर में चल रहे पुराने पेट्रोल और डीजल वाहनों में ईंधन भरने पर प्रतिबंध लगाने के लिए तैयार है। शहर भर के 80 प्रतिशत से अधिक फिलिंग स्टेशनों पर ऐसे उपकरण लगाए जाएंगे, जो रजिस्ट्रेशन रद्द किए गए वाहनों की पहचान करेंगे। पेट्रोल पंपों पर लगाए जाने वाले ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकगनिशन कैमरे पुराने वाहनों और वैलिड पॉल्यूशन कंट्रोल सर्टिफिकेट न रखने वाले वाहनों दोनों का पता लगा सकेंगे। आज की अन्य बड़ी खबरें… पश्चिम बंगाल के हावड़ा में फैक्ट्री में आग लगी, फायर ब्रिगेड की 15 गाड़ियां मौके पर पश्चिम बंगाल के हावड़ा में धूलगढ़ इलाके के पास शुक्रवार शाम एक फैक्ट्री में आग लग गई। जानकारी मिलने के बाद फायर ब्रिग्रेड की 15 गाड़ियां गाड़ियां मौके पर हैं। पुलिस और प्रशासन की मौके पर है। फिलहाल किसी की मौत की खबर नहीं है। दिल्ली कोर्ट ने इंजीनियर राशिद की जमानत याचिका खारिज की दिल्ली की एक अदालत ने जम्मू-कश्मीर के बारामूला से लोकसभा सांसद इंजीनियर राशिद की आतंकी फंडिंग मामले में जमानत याचिका खारिज कर दी है। यह फैसला एडिशनल सेशन जज चंदर जीत सिंह ने शुक्रवार को सुनाया। बता दे कि राशिद 2019 से तिहाड़ जेल में बंद हैं। उन्हें एनआईए ने 2017 के टेरर फंडिंग मामले में यूएपीए के तहत गिरफ्तार किया था। हाल ही में उन्होंने लोकसभा सत्र में शामिल होने के लिए अंतरिम जमानत और हिरासत में पैरोल की मांग की थी, जिसे ट्रायल कोर्ट ने 10 मार्च को खारिज कर दिया था। इस पर एनआईए ने अदालत में कहा कि राशिद अपने सांसद पद का इस्तेमाल जेल से बाहर आने के लिए नहीं कर सकते, इसलिए उन्हें कोई राहत नहीं दी जा सकती। पावर ग्रिड के सीनियर जीएम 2.5 लाख की रिश्वत लेते गिरफ्तार सीबीआई ने पावर ग्रिड कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया के सीनियर जीएम उदय कुमार को 2.5 लाख रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा। मुंबई की KEC इंटरनेशनल के अधिकारी से ठेका पास कराने के लिए यह रिश्वत ली जा रही थी। सीकर में सौदा फाइनल हुआ, वहीं पर सीबीआई ने दबोच लिया। मामले में KEC इंटरनेशनल के वाइस प्रेसिडेंट जबराज सिंह समेत 5 लोगों पर केस दर्ज किया गया है। केरल में भाजपा कार्यकर्ता की हत्या मामले में 9 सीपीआई कार्यकर्ता दोषी करार केरल की एक अदालत ने करीब 20 साल पहले हुई भाजपा कार्यकर्ता एलाम्बिलई सूरज की हत्या मामले में 9 सीपीआई कार्यकर्ताओं को दोषी पाया। थालास्सेरी के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायालय के न्यायाधीश के टी निसार अहमद ये फैसला दिया। दोषियों को सजा का ऐलान 24 मार्च को किया जाएगा। सामने आया कि राजनीतिक दुश्मनी के कारण सूरज की 7 अगस्त 2005 को सुबह 8.40 बजे हत्या की गई थी। AAP की बैठक, सौरभ भारद्वाज बने पार्टी अध्यक्ष, गोपाल राय गुजरात के प्रभारी बनाए गए आम आदमी पार्टी ने शुक्रवार को बड़ा फैसला लेते हुए पूर्व विधायक सौरभ भारद्वाज को दिल्ली में पार्टी का अध्यक्ष बनाया। उन्होंने पूर्व मंत्री गोपाल राय की जगह ली है। पार्टी ने गोपाल राय को गुजरात का प्रभारी बनाया है। साथ ही चार राज्यों में प्रभारी और 2 राज्यों में अध्यक्ष बनाए गए। गुजरात में गोपाल राय प्रभारी बनाए गए। पंजाब में मनीष सिसोदिया प्रभारी बने, छत्तीसगढ़ में संदीप पाठक प्रभारी बने। पंकज गुप्ता गोवा के प्रभारी बने है। जम्मू कश्मीर में मेहराज मलिक को प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। पूरी खबर पढ़ें… पुणे में तनख्वाह कटौती के चलते कर्मचारी ने ऑफिस बस में आग लगाई, 4 की मौत पुणे के हिंजवड़ी इलाके में बुधवार सुबह एक निजी कंपनी की बस में आग लगने से चार कर्मचारियों की मौत हो गई, जबकि छह लोग झुलस गए। पहले इसे हादसा माना जा रहा था, लेकिन पुलिस जांच में साजिश का खुलासा हुआ है। ड्राइवर जनार्दन हम्बरडेकर ने तनख्वाह कटौती और कर्मचारियों से विवाद के कारण बस में जानबूझकर आग लगाई। पुलिस के मुताबिक, उसने बेंजीन जैसे ज्वलनशील पदार्थ और कपड़े का इस्तेमाल किया और आग लगाकर चलती बस से कूद गया। महाराष्ट्र के ठाणे जिले में 60 वर्षीय महिला की हत्या, घर से कीमती चीजें और ज्वेलरी गायब महाराष्ट्र के ठाणे जिले में लूटपाट के बाद 60 वर्षीय महिला की हत्या कर दी गई। चोर गुरुवार शाम को रजनी पाटकर के अपार्टमेंट में घुसे। उस समय वह अपने घर में अकेली थीं। घर से कीमती चीजें और ज्वेलरी गायब है। वहीं रजनी घटनास्थल पर मृत पाई गईं। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। जांच जारी है। धर्मशाला में तिब्बती नागरिक पर NRI महिला से दुष्कर्म का आरोप, FIR दर्ज धर्मशाला के महिला पुलिस स्टेशन में एक NRI महिला की शिकायत पर एक तिब्बती नागरिक के खिलाफ दुष्कर्म और आपराधिक धमकी की धाराओं में FIR दर्ज की गई है। SP कांगड़ा शालिनी अग्निहोत्री ने बताया कि पीड़ित का मेडिकल टेस्ट और न्यायिक बयान दर्ज किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपी से पूछताछ शुरू की है और सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है। साथ ही, पीड़ित और आरोपी दोनों के दस्तावेजों का सत्यापन भी किया जा रहा है। पुलिस इस मामले में तिब्बती कार्यालय के संपर्क में भी है। मामले की जांच जारी है। सुप्रीम कोर्ट ने जस्टिस यशवंत वर्मा को दिल्ली हाई कोर्ट से वापस इलाहाबाद भेजा, घर से बड़ी मात्रा में कैश मिला था सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने जस्टिस यशवंत वर्मा को दिल्ली हाई कोर्ट से वापस इलाहाबाद भेजने का फैसला किया है। पिछले हफ्ते उनके सरकारी बंगले में बड़ी मात्रा में कैश मिला था। इसके बाद चीफ जस्टिस संजीव खन्ना की अध्यक्षता वाले कॉलेजियम ने जस्टिस वर्मा को स्थानांतरित करने का निर्णय लिया। यह धनराशि उस समय मिली जब इमारत में आग लग गई और न्यायाधीश के परिवार के सदस्यों ने इमरजेंसी सेवाओं को फोन किया, जिसके बाद पुलिस को कैश की सुचना मिली। जम्मू कश्मीर के अनंतनाग में नशा तस्करों की 75 लाख की संपत्ति जब्त, सेना ने IED किया नष्ट अनंतनाग पुलिस ने ड्रग माफिया पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 75 लाख रुपए की संपत्ति जब्त की है। NDPS एक्ट की धारा 68-F के तहत सतकीपोरा निवासी तारिक अहमद लोन की 60 लाख रुपये मूल्य की भूमि और प्लिंथ जब्त की गई। वहीं, बीजबेहारा पुलिस ने वाघामा निवासी गुलजार अहमद राथर की 15 लाख रुपए की दुकानें जब्त कीं। इसके अलावा, भारतीय सेना और पुलिस ने बांदीपोरा-श्रीनगर रोड पर IED बरामद कर नष्ट किया, जिससे एक बड़ा आतंकी हमला टल गया। फर्जी वीजा एजेंटों पर US एंबेसी ने FIR दर्ज करवाई, क्राइम ब्रांच जांच में जुटी दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच ने अमेरिकी दूतावास की शिकायत पर फर्जी वीजा और पासपोर्ट एजेंटों के खिलाफ केस दर्ज किया। ये एजेंट पंजाब और हरियाणा में सक्रिय थे और वीजा आवेदनों में फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल कर रहे थे। 30 से ज्यादा एजेंटों के नाम सामने आए हैं। मामला BNS की धारा 318, 336, 340 और IT एक्ट की धारा 66(D) के तहत दर्ज हुआ।इस बीच, अमेरिका में भारतीय शोधकर्ता बदर खान सूरी को गिरफ्तार किया गया। उन पर अमेरिकी विदेश नीति के खिलाफ गतिविधियों का आरोप है, जबकि उनकी याचिका के अनुसार, उनका कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है। दिल्ली दंगे 2020- 8 लोगों पर आरोप तय, 11 बरी; ऑटो चालक की हत्या का मामला दिल्ली की कड़कडड़ूमा कोर्ट ने 2020 के दिल्ली दंगों के दौरान खजूरी खास इलाके में एक ऑटो चालक की हत्या मामले में 8 लोगों पर आरोप तय कर दिए। वहीं, पर्याप्त सबूतों के अभाव में 11 आरोपियों को बरी कर दिया। सभी 8 आरोपियों पर भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 148 (घातक हथियार से दंगा करना), 153-A (समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देना), 302 (हत्या), 149 (अवैध रूप से एकत्रित होकर हत्या करना) और 188 (IPC की धारा 144 का उल्लंघन) के तहत आरोप तय किए गए हैं। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के खजूरी चौक इलाके में 25 फरवरी, 2020 को पथराव के दौरान बब्बू नाम का ऑटो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया था। पुलिस जांच के अनुसार, दंगाइयों ने उसकी पिटाई की थी। उसके सिर में कई चोटें आई थीं। इलाज के दौरान दो दिन बाद अस्पताल में उसकी मौत हो गई। अफगानिस्तान में 4.9 तीव्रता का भूंकप, 160 किलोमीटर की गहराई में केंद्र था नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) ने बताया कि शुक्रवार को अफगानिस्तान में 4.9 तीव्रता का भूकंप आया। आंकड़ों के अनुसार भूकंप 160 किलोमीटर की गहराई पर आया। NCS ने सोशल मीडिया X पर यह जानकारी दी। इससे पहले 13 मार्च को 4 की तीव्रता का भूकंप अफगानिस्तान में आया था। यह भूकंप 10 किमी की गहराई पर आया था। जम्मू-कश्मीर के राजौरी में पुलिस वाहन के पास विस्फोट, कोई घायल नहीं जम्मू-कश्मीर पुलिस ने बताया कि गुरुवार देर रात राजौरी के थानामंडी इलाके में एक पुलिस वाहन के पास विस्फोट हुआ। विस्फोट में किसी के घायल होने की खबर नहीं है। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार SOG जवानों के ऑपरेशनल ड्यूटी पर जाते समय विस्फोट की आवाज सुनाई दी। विस्फोट के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई और वाहनों की तलाशी भी ली जा रही है।


