भास्कर अपडेट्स:मोहन भागवत बोले- कट्टर हिंदू होने का मतलब दूसरों का विरोध करना नहीं बल्कि सभी को गले लगाना

आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने सोमवार को कहा कि कट्टर हिंदू होने का मतलब दूसरों का विरोध करना नहीं है। हिंदू धर्म का सार सभी को गले लगाना है। आरएसएस से जुड़े शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास के राष्ट्रीय शिक्षा सम्मेलन ‘ज्ञान सभा’ को संबोधित करते हुए भागवत ने मजबूत धार्मिक पहचान के बारे में एक आम गलतफहमी को दूर करने की कोशिश की। उन्होंने हिंदू शब्द और इसकी भावना के बीच एक मजबूत संतुलन की भी वकालत की। उन्होंने दावा किया अक्सर यह गलतफहमी होती है कि कट्टर हिंदू होने का मतलब दूसरों को गाली देना है। ऐसी गलतफहमी हो सकती है। जो कोई भी हिंदुओं को एक साथ लाना चाहता है, उसे यह ध्यान में रखना होगा। आज की अन्य बड़ी खबरें… गुजरात में गांधीनगर के सीनियर सिटिजन को डिजिटल अरेस्ट कर 19.24 करोड़ रुपए ठगे गुजरात में गांधीनगर के सीनियर सिटिजन को साइबर ठगों ने करीब तीन महीने तक डिजिटल अरेस्ट कर उनसे 19.24 करोड़ रुपए ठग लिए। ये राशि 30 से ज़्यादा बैंक खातों में जमा कराई गई। गांधीनगर के सीआईडी (क्राइम) एसपी धर्मेंद्र शर्मा ने बताया कि पुलिस ने सूरत के एक 30 वर्षीय व्यवसायी को गिरफ्तार किया है, जिसके बैंक खाते में ठगी के एक करोड़ रुपए ट्रांसफर किए गए। पुलिस के अनुसार पीड़ित के साथ यह घटना मार्च में शुरू हुई और लगभग तीन महीने तक चली। इस दौरान ठग पीड़ित को मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में फसाने की बात कहते रहे। ठगों ने सीनियर सिटिजन से कहा कि उनके मोबाइल फोन के ज़रिए कुछ गलत फैलाया जा रहा है। ठगों ने उन्हें गिरफ़्तार करने की धमकी दी। CBI ने महुआ मोइत्रा के खिलाफ कैश फॉर क्वेरी मामले में लोकपाल को जांच रिपोर्ट सौंपी; TMC सांसद की बढ़ सकती हैं मुश्किलें तृणमूल सांसद महुआ मोइत्रा की कैश फॉर क्वेरी मामले में एक बार फिर से मुश्किलें बढ़ सकती है। CBI ने उनके खिलाफ लोकपाल को अपनी जांच रिपोर्ट सौंपी है। रिपोर्ट के आधार पर लोकपाल तय करेगा कि TMC सांसद पर आगे क्या कार्रवाई करनी है। महुआ पर उनके पूर्व प्रेमी और सुप्रीम कोर्ट के वकील जय अनंत देहाद्राई ने 14 अक्टूबर, 2023 को संसद में सवाल पूछने के बदले घूस लेने के आरोप में CBI में केस दर्ज कराई थी। इसके अगले दिन भाजपा सांसद निशिकांत दूबे ने महुआ को लोकसभा से सस्पेंड करने की मांग की। महुआ पर बिजनेसमैन दर्शन हीरानंदानी से मंहगे गिफ्ट्स लेने के भी आरोप लगे थे। महुआ ने खुद ये बात मानी भी थी। 8 दिसंबर, 2023 को महुआ को लोकसभा से सस्पेंड कर दिया गया था। हालांकि, 2024 के लोकसभा चुनाव में वे पश्चिम बंगाल के कृष्णानगर से दूसरी बार सांसद चुनी गई थीं। शनि शिंगणापुर मंदिर ट्रस्ट के डिप्टी CEO का शव घर में फंदे पर लटका मिला, ट्रस्ट में भ्रष्टाचार का खुलासा हुआ था महाराष्ट्र के अहिल्यानगर जिले में शनि शिंगणापुर मंदिर ट्रस्ट के डिप्टी CEO अधिकारी नितिन शेटे (43) का शव सोमवार को उनके घर में फंदे पर लटका मिला। हाल ही में मंदिर के कामकाज में भ्रष्टाचार का खुलासा हुआ था। परिवार ने तुरंत पुलिस को सूचना दी थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शेटे को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनकी मौत का असली कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा।पुलिस आगे की जांच कर रही है। जम्मू-कश्मीर में डीएसपी समेत 6 अफसरों के खिलाफ CBI ने केस दर्ज किया, पुलिस कांस्टेबल को हिरासत में यातना देने का आरोप CBI ने दो साल पहले एक साथी पुलिस कांस्टेबल को क्रूर और अमानवीय हिरासत में यातना देने के आरोप में जम्मू-कश्मीर पुलिस के छह अधिकारियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर दर्ज की गई FIR में CBI ने डीएसपी ऐजाज अहमद नायको, सब-इंस्पेक्टर रियाज अहमद, जहांगीर अहमद, इम्तियाज अहमद, मोहम्मद यूनिस और शाकिर अहमद के खिलाफ केस दर्ज किया है। इन पर कांस्टेबल खुर्शीद अहमद चौहान को छह दिनों तक हिरासत में यातना देने का आरोप है। भारतीय सेना का सिक्किम में युद्धाभ्यास,एआई, ड्रोन और ‘सेंसर-टू-शूटर’ क्षमताओं का परीक्षण किया हिमालय क्षेत्र में युद्ध की तैयारियों को ध्यान में रखते हुए भारतीय सेना ने सिक्किम में युद्धाभ्यास किया। इस युद्धाभ्यास को ‘दिव्य दृष्टि’ नाम दिया गया। इसमें आधुनिक टेक्नोलोजी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), ड्रोन और ‘सेंसर-टू-शूटर’ क्षमताओं का परीक्षण किया गया। लग्जरी कार चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़, 57 वाहन बरामद; पांच लोग गिरफ्तार अरुणाचल प्रदेश की ईटानगर पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस गिरोह से 57 लग्जरी कारें बरामद की हैं, जिनकी कीमत 30.5 करोड़ रुपए से अधिक है। चोरी की गई ये गाड़ियां दिल्ली, हरियाणा, यूपी जैसे राज्यों से लाकर अरुणाचल प्रदेश में बेची जाती थीं। मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। एसपी जुम्मार बसर ने बताया कि पुलिस को इस गिरोह के बारे में खुफिया जानकारी मिली थी, जिसके बाद उसने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने मामले की छानबीन के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) भी गठित किया। बेंगलुरु भगदड़, चार पुलिस अफसरों का सस्पेंशन रद्द कर्नाटक सरकार ने सोमवार को तत्कालीन बेंगलुरु पुलिस आयुक्त बी दयानंद सहित चार पुलिस अधिकारियों का सस्पेंशन रद्द कर दिया। इन अधिकारियों को 4 जून को चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर हुई भगदड़ के सिलसिले में सस्पेंड किया गया था। इस भगदड़ में 11 लोगों की मौत हो गई थी। हालांकि IG विकास कुमार विकास का सस्पेंशन बरकरार है क्योंकि उनके मामले से संबंधित कार्यवाही वर्तमान में कर्नाटक हाईकोर्ट में चल रही है। ओबीसी लिस्ट पर बंगाल सरकार को सुप्रीम कोर्ट ने दी राहत, कलकत्ता हाईकोर्ट के फैसले पर लगाई रोक सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को कलकत्ता हाईकोर्ट के उस फैसले पर रोक लगा दी, जिसमें पश्चिम बंगाल सरकार की नई ओबीसी (अन्य पिछड़ा वर्ग) सूची के लागू होने पर अंतरिम रोक लगाई गई थी। हाईकोर्ट के इस आदेश के खिलाफ बंगाल सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में अपील की थी। इसके बाद मुख्य न्यायाधीश बीआर गवई, न्यायमूर्ति के विनोद चंद्रन और न्यायमूर्ति एनवी अंजारिया की पीठ ने इस मामले की सुनवाई की और हाईकोर्ट के फैसले पर रोक लगा दी। भाजपा नेता नितेश राणे का दावा- NCP शरद गुट के विधायक रोहित पवार भाजपा के संपर्क में थे भाजपा नेता और महाराष्ट्र सरकार के मंत्री नितेश राणे ने दावा किया है कि NCP शरद गुट के विधायक रोहित पवार भाजपा नेताओं के संपर्क में थे। हालांकि रोहित पवार ने इस दावे को सिरे से खारिज किया है। राणे ने कहा कि भले ही रोहित पवार शरद पवार के नेतृत्व वाले NCP में हैं, लेकिन उनका दिल भाजपा के साथ है। रोहित ने राणे के दावे पर कहा- जिस इंसान के खुद के पैर कीचड़ में फंसे हों, उसे दूसरों के बारे में बोलने का हक नहीं। कुत्तों के काटने की घटनाओं पर सुप्रीम कोर्ट चिंतित , रेबीज होनी की खबर पर खुद संज्ञान लिया सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को कुत्तों के काटने से रेबीज होने की घटनाओं पर स्वतः संज्ञान लिया। जस्टिस जेबी पारदीवाला और जस्टिस आर महादेवन की बेंच ने दिल्ली के एक अंग्रेजी अखबार में सोमवार को छपी खबर को बेहद चिंताजनक और परेशान करने वाला बताया। बेंच ने कहा- हर दिन शहर और उसके आसपास के इलाकों में सैकड़ों लोगों को कुत्ते काट रहे हैं, जिससे उन्हें रेबीज हो रहा है। खासकर बच्चे और बुजुर्ग इस भयानक बीमारी के शिकार हो रहे हैं। हम इस खबर का स्वतः संज्ञान ले रहे हैं। कोर्ट ने निर्देश दिया कि यह आदेश और संबंधित समाचार रिपोर्ट को चीफ जस्टिस के सामने उचित आदेशों के लिए प्रस्तुत की जाए। दिल्ली के करोल बाग में पति-पत्नी फंदे से लटके मिले, पश्चिम बंगाल के रहने वाले थे दिल्ली के करोल बाग में एक पति-पत्नी अपने किराए के घर में फंदे से लटके मिले। पुलिस को रविवार को सूचना मिली थी। मृतक देबू भौमिक (36) और उनकी पत्नी मल्लिका (32) पश्चिम बंगाल के रहने वाले थे। दोनों पिछले 4 महीने से दिल्ली में रह रहे थे। देबू सोने के गहने बनाने का काम करते थे। उनकी 7 साल की बेटी इस वक्त रिश्तेदारों के पास है। घर से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला और दोनों के शरीर पर कोई चोट के निशान भी नहीं थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *