भास्कर अपडेट्स:साउथ कोरिया में यून येओल की जेल से रिहाई का आदेश, जनवरी में गिरफ्तार हुए थे

साउथ कोरिया की एक अदालत ने महाभियोग का सामना कर रहे अपदस्थ राष्ट्रपति यून सुक येओल को शुक्रवार को जेल से रिहा करने का आदेश दिया। कोर्ट के इस फैसले से यून को अपने ऊपर लगे आरोपों के खिलाफ केस चलाने की अनुमति मिल जाएगी। सुक येओल को देश में ‘मार्शल लॉ’ लागू करने के लिए जनवरी में गिरफ्तार किया गया था। यून के वकीलों ने जांच एजेंसी पर आरोप लगाया कि उसके पास विद्रोह के आरोपों की जांच करने का कानूनी अधिकार नहीं है। सुक येओल के महाभियोग की अंतिम सुनवाई 25 फरवरी को हुई थी। इस मामले में कुछ ही दिनों में फैसला आने की उम्मीद है। अगर जज यून को हटाने की पुष्टि कर देते हैं तो 60 दिनों के भीतर देश में चुनाव कराए जाएंगे। अंतरराष्ट्रीय मामलों से जुड़ी अन्य बड़ी खबरें… सीरिया में असद के लड़ाकों और सेना के बीच हिंसक झड़प, 71 की मौत सीरिया के तटीय क्षेत्र लताकिया व टार्टस में सेना व पूर्व राष्ट्रपति बशर अल-असद के लड़ाकों के बीच भीषण संघर्ष छिड़ गया है। इस संघर्ष में अब तक 71 लोग मारे गए हैं। इनमें 35 सैनिक, 32 असद समर्थक लड़ाके और 4 आम नागरिक हैं। वहीं, 300 लोगों के घायल होने की खबर है। संघर्ष का क्षेत्र रूसी नियंत्रित एयरबेस के नजदीक है। जानकारों के मुताबिक, झड़प तब शुरू हुई जब सुरक्षा बलों ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार करने की कोशिश की। इसके बाद सरकार ने लताकिया व टार्टस में भारी संख्या में सेना की तैनाती की है। साथ ही कर्फ्यू लगाने का भी आदेश दिया है। लताकिया व टार्टस प्रांतों में हिंसा ने अबू मोहम्मद अल-जुलानी के नेतृत्व वाली सरकार के लिए चुनौती खड़ी कर दी है। ये इलाके अल्वी समुदाय के गढ़ हैं। जो पूर्व राष्ट्रपति बशर अल-असद के प्रति वफादार रहे हैं। इस बीच, दिसंबर 2024 में असद का तख्तापलट कर सत्ता में आए जुलानी ने लोगों से हथियार सरेंडर करने को कहा है। ट्रम्प का दावा- भारत टैरिफ दर कम करने को राजी अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने दावा किया कि भारत, चीन, ईयू समेत कई अन्य देश टैरिफ की दरों को कम करने को तैयार हो गए हैं। उन्होंने कहा- बहुत ज्यादा टैरिफ के कारण भारत में ट्रेड करना बेहद मुश्किल होता है। इससे पहले नई दिल्ली में भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, हम अमेरिका के साथ द्विपक्षीय ट्रेड डील को मजबूत करने की दिशा में काम कर रहे हैं। इसमें टैरिफ और नॉन-टैरिफ बाधाओं को कम करना शामिल है। दोनों देशों के बीच व्यापारिक वार्ता से इस मसले का हल निकलेगा। पूरी खबर यहां पढ़ें…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *