सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को केंद्र और दिल्ली सरकार से देश की राजधानी में गैंगस्टरों से जुड़े मामलों के जल्दी निपटारे के लिए डेडिकेटेड अदालतें बनाने पर विचार करने को कहा। जस्टिस सूर्यकांत और जस्टिस जॉय माल्या बागची की बेंच ने कहा कि इस समय सीमित संख्या में अदालतें कई मामलों के बोझ तले दबी हैं और गैंगस्टरों से जुड़े मामलों की सुनवाई करने वाली अदालतें आईपीसी, एनडीपीएस और धन शोधन निवारण अधिनियम के तहत मामलों की भी सुनवाई कर रही हैं। जस्टिस बागची ने कहा कि सरकारी वकील मुकदमों के बोझ तले दबे होने के कारण विशेष कानून के तहत आने वाले मामलों पर ध्यान केंद्रित नहीं कर पा रहे हैं। यह चलन बन गया है कि सभी मामले गिरफ्तारी से शुरू होते हैं और बिना दोषसिद्धि या बरी हुए जमानत पर खत्म हो जाते हैं। संवेदनशीलता और प्राथमिकता का अभाव है। बेंच ने कहा, “केंद्र और दिल्ली सरकार एक साथ बैठकर गैंगस्टरों से जुड़े मामलों के लिए कोर्ट बनाने पर निर्णय क्यों नहीं लेते? विशेष अदालतें होने से जल्दी सुनवाई होगी।” आज की अन्य बड़ी खबरें… WWE रेसलर हल्क होगन का 71 साल की उम्र में निधन WWE के दिग्गज रेसलर हल्क होगन का 71 साल की उम्र में निधन हो गया। रिपोर्ट्स के अनुसार, गुरुवार को फ्लोरिडा में अपने घर पर कार्डियक अरेस्ट आने के बाद उनकी मौत हो गई। WWE में 6 बार चैंपियनशिप जीतने के अलावा उन्होंने फिल्मों, टीवी शो और एनिमेटेड सीरीज में एक्टिंग भी की। सावरकर पर टिप्पणी से जुड़े मानहानि मामले में राहुल गांधी को जमानत महाराष्ट्र के नासिक की एक अदालत ने हिंदुत्व विचारक वी. डी. सावरकर पर टिप्पणी से जुड़े मानहानि मामले में गुरुवार को राहुल गांधी को जमानत दे दी है। कांग्रेस सांसद ने खुद को निर्दोष बताया। महाराष्ट्र के अकोला जिले में 17 नवंबर, 2022 में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी ने एक रैली में सावरकर को लेकर टिप्पणी की थी। उन्होंने मीडिया के सामने एक चिट्ठी दिखाते हुए कहा था कि यह चिट्ठी सावरकर ने अंग्रेजों को लिखी थी। इसमें उन्होंने खुद को अंग्रेजों का नौकर बने रहने की बात कही थी। साथ ही डरकर माफी भी मांगी थी। गांधी-नेहरू ने ऐसा नहीं किया, इसलिए वे सालों तक जेल में रहे। राहुल ने कहा, ‘गांधी, नेहरू और पटेल सालों जेल में रहे और कोई चिट्ठी नहीं साइन की। सावरकर जी ने इस कागज पर साइन किया, उसका कारण डर था। अगर डरते नहीं तो कभी साइन नहीं करते। सावरकर ने जब साइन किया तो हिंदुस्तान के गांधी, पटेल को धोखा दिया था। उन लोगों से भी कहा कि गांधी और पटेल भी साइन कर दें।’ नासिक निवासी देवेंद्र भुटाडा ने वकील मनोज पिंगले के माध्यम से राहुल गांधी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 500 और 504 के तहत मानहानि का मुकदमा दायर किया था। याचिका में भुटाडा ने दावा किया कि सावरकर के बारे में गांधी की कुछ टिप्पणियों से उनकी भावनाओं को ठेस पहुंची है। मुंबई की कोर्ट ने महिला टीचर को दी जमानत, 16 साल के स्टूडेंट के यौन उत्पीड़न का था आरोप मुंबई की एक अदालत ने शहर के एक प्रतिष्ठित स्कूल की 40 साल की शिक्षिका को जमानत दे दी। शिक्षिका को 16 साल के नाबालिग स्टूडेंट का कई बार यौन उत्पीड़न करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था स्पेशल पॉक्सो कोर्ट की जज सबीना मलिक ने टीचर की जमानत याचिका स्वीकार कर ली। याचिका में टीचर ने कहा था कि यह मामला पूरी तरह से लड़के की मां के इशारे पर गढ़ा गया है, क्योंकि वह उनके रिश्ते का विरोध करती थी। बता दें कि आरोपित महिला शादीशुदा है और उसके दो बच्चे भी हैं। कर्नाटक में 4 साल की बच्ची से स्कूल में रेप, ICU में इलाज चल रहा; कपड़े बदलते वक्त मां को पता चला कर्नाटक के बीदर में चार साल की एक नाबालिग बच्ची के साथ स्कूल में रेप का मामला सामने आया है। बच्ची का ब्रिम्स (Bidar Institute of Medical Sciences) अस्पताल के ICU में इलाज चल रहा है। बच्ची की मां ने बीदर महिला पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज करवाई है। इसमें कहा गया है कि बच्ची के साथ स्कूल के समय के दौरान रेप हुआ। बच्ची घर लौटी, तो उसके कपड़े बदलते वक्त मां को पता चला। कर्नाटक में पिछले दो हफ्ते के दौरान 4 साल की बच्ची से रेप का यह दूसरा मामला है। इससे पहले 12 जुलाई को मांड्या में 4 साल की बच्ची के साथ रेप का मामला सामने आया था। पुलिस ने रेप के आरोप में एक 21 साल के युवक को गिरफ्तार किया था। आरोपी की पहचान प्रवीण के रूप में हुई है और वह उत्तर प्रदेश के लखनऊ का रहने वाला है। पीड़ित बच्ची के माता-पिता, मूल रूप से बिहार के रहने वाले हैं। वे पिछले 18 महीनों से मांड्या की एक प्लाईवुड फैक्ट्री में काम कर रहे हैं। आरोपी युवक भी वहीं पर काम करता था। आरोप है कि घटना वाले दिन, पीड़ित दूसरे बच्चों के साथ खेल रही थी, तभी आरोपी उसे फुसलाकर फैक्ट्री से दूर एक सुनसान जगह पर ले गया और उसका यौन उत्पीड़न किया। हिमाचल के मंडी में रोडवेज बस खाई में गिरी; 5 लोगों की मौत, 25 घायल हिमाचल प्रदेश के मंडी में हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की एक बस खाई में गिर गई। हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 यात्री घायल हैं। गंभीर रूप से घायल 3 लोगों को एम्स बिलासपुर रेफर किया गया है। घटना सुबह करीब 10 बजे की है। सरकाघाट-जमनी-दुर्गापुर सड़क पर मसेरन तालगरा के पास अचानक बस बेकाबू होकर खाई में गिर गई। बस में 35 से ज्यादा यात्री सवार थे। पूरी खबर पढ़ें… महिला गोसाईं एक्सप्रेस ओडिशा में पटरी से उतरी, किसी के मरने की सूचना नहीं ओडिशा में संबलपुर-शालीमार-संबलपुर महिमा गोसाईं एक्सप्रेस ट्रेन संबलपुर में पटरी से उतर गई। पुलिस और रेलवे अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद हैं। विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है। दिल्ली हाईकोर्ट में 3 नए जजों ने शपथ ली, अब 60 में से 43 पद भरे दिल्ली हाईकोर्ट में गुरुवार को तीन नए जजों शैल जैन, मधु जैन और विनोद कुमार ने शपथ ली। चीफ जस्टिस डीके उपाध्याय ने तीनों को शपथ दिलाई। अब हाईकोर्ट में जजों की संख्या 43 हो गई है। हालांकि, यह स्वीकृत 60 पदों से भी बहुत कम है। मणिपुर में सुरक्षा बलों ने आठ उग्रवादियों को अरेस्ट किया मणिपुर में सुरक्षा बलों ने इम्फाल पश्चिम, बिष्णुपुर, तेंगनौपाल और चंदेल जिलों से विभिन्न प्रतिबंधित संगठनों के आठ उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। ये गिरफ्तारी पिछले पांच दिनों में हुई है। पुलिस ने गुरुवार को इसकी जानकारी दी। इससे पहले 7 जुलाई से 14 जुलाई तक चलाए गए ऑपरेशन में सेना और पुलिस ने 10 उग्रवादियों को पकड़ा था। ये सर्चिंग पांच जिलों में की गई थी। बेंगलुरु में बच्चन और आमिर की पुरानी कारों पर ₹38 लाख जुर्माना लगा बेंगलुरु के कारोबारी यूसुफ शरीफ उर्फ ‘KGF बाबू’ पर दो लग्जरी कारों पर रोड टैक्स नहीं भरने पर ₹38.26 लाख का जुर्माना लगा है। ये गाड़ियां पहले अमिताभ बच्चन और आमिर खान की थीं। अब ये शरीफ चला रहे हैं, लेकिन गाड़ियां अब भी महाराष्ट्र में रजिस्टर्ड हैं और कागजों में मालिक फिल्म स्टार ही हैं। कर्नाटक के नियमों के मुताबिक, अगर कोई गाड़ी एक साल से ज्यादा राज्य में चलती है तो उसे दोबारा रजिस्टर कराना और टैक्स देना जरूरी है। फैंटम 2021 से और घोस्ट 2023 से बेंगलुरु में चल रही हैं। इसी कारण दोनों पर जुर्माना लगा है।


