सोशल मीडिया X की CEO लिंडा याकारिनो ने बुधवार को इस्तीफा दे दिया। लिंडा करीब दो साल तक इस पद पर रहीं। लिंडा ने पद छोड़ते हुए लिखा कि मस्क की आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस कंपनी xAI, जो चैटबॉट ग्रोक बनाती है। अब इसके साथ एक नए अध्याय की शुरुआत करने जा रही हूं। आज की अन्य बड़ी खबरें… हैदराबाद में मिलावटी ताड़ी पीने से 19 लोगों की हालत बिगड़ी, अलग-अलग दुकानों से खरीदी थी हैदराबाद में मिलावटी ताड़ी पीने के बाद 19 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्वास्थ्य अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि प्रभावित लोगों ने 6 और 8 जुलाई को कुकटपल्ली, बालानगर और शहर के अन्य इलाकों में अलग-अलग ताड़ी की दुकानों से ताड़ी खरीदकर पी थी। मंगलवार रात को उनकी तबीयत बिगड़ी तो उन्हें अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया था। हनुमानगढ़ में रोडवेज बस-डंपर की टक्कर में 4 की मौत, 17 घायल राजस्थान के हनुमानगढ़ में रोडवेज बस और बजरी से भरे डंपर की टक्कर में 4 लोग की मौत हो गई। हादसा सुबह 8 बजे नेशनल हाईवे-54 पर संगरिया के नगराना गांव में हुआ। एक्सीडेंट में बस में बैठे 17 यात्री घायल हुए हैं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कई पैसेंजर्स बुरी तरह फंस गए। इन्हें बस की बॉडी काटकर क्रेन की मदद से बाहर निकाला गया। पूरी खबर पढ़ें… पटना में इंडिगो फ्लाइट से पक्षी टकराया, इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई; 169 पैसेंजर्स थे पटना से दिल्ली जा रही इंडिगो की फ्लाइट के उड़ान भरते ही पक्षी टकरा गया। इसके बाद फ्लाइट 6E- 5009 की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। विमान में कुल 169 यात्री सवार थे। तकनीकी टीम विमान की मरम्मत में जुटी हुई है। पूरी खबर पढ़ें… तिरुपति मंदिर ट्रस्ट के अधिकारी चर्च जाने पर सस्पेंड, नियम तोड़ने का आरोप आंध्रप्रदेश के तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (TTD) ने अपने सहायक कार्यकारी अधिकारी (AEO) ए. राजशेखर बाबू को सस्पेंड कर दिया है। उन पर आरोप है कि वे हर रविवार अपने शहर पुत्तूर (तिरुपति जिला) में चर्च की प्रार्थना में शामिल होते थे और ईसाई धर्म का प्रचार करते थे। TTD ने कहा कि यह संस्था के नियमों का सीधा उल्लंघन है, क्योंकि TTD एक हिंदू धार्मिक ट्रस्ट है और उसके कर्मचारियों को अन्य धर्मों की गतिविधियों में शामिल नहीं होना चाहिए। TTD की सतर्कता टीम ने जांच की और एक वीडियो भी सामने आया जिसमें राजशेखर बाबू चर्च में प्रार्थना करते दिखे। इसके बाद कार्रवाई की गई। TTD पहले भी ऐसे मामलों में सख्त रहा है। कुछ समय पहले 18 कर्मचारियों को इसी तरह की धार्मिक गतिविधियों के कारण ट्रांसफर किया गया था। संस्था ने कहा कि सभी कर्मचारियों को नियमों का पालन करना जरूरी है। दिल्ली के वसंत कुंज में तीन भाइयों ने युवक की चाकू मारकर हत्या की, मामला दर्ज दिल्ली के वसंत कुंज इलाके में मंगलवार को झगड़े के दौरान तीन भाइयों ने मिलकर 24 साल के युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान सनी के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, घटना अरविंद कैंप में हुई। आरोपी भाइयों रवि, राहुल और राजकुमार ने सनी को पहले रोका और फिर रवि ने चाकू से कई बार वार किए। घायल सनी को स्पाइनल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस को वसंत कुंज नॉर्थ थाने में PCR कॉल के जरिए घटना की जानकारी मिली। मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस ने बताया कि घटना से जुड़ी जांच जारी है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।


