भास्कर अपडेट्स:PM मोदी 4 जून को केंद्रीय मंत्रिपरिषद की बैठक करेंगे, ये ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली मीटिंग

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 4 जून को केंद्रीय मंत्रिपरिषद की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में ऑपरेशन सिंदूर के बाद यह पहली बैठक होगी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बैठक में मंत्रियों को ऑपरेशन सिंदूर के बारे में डिटेल जानकारी दी जा सकती है। मोदी सरकार के तीसरे टर्म के एक साल पूरा होने पर भाजपा के कार्यक्रमों की भी बैठक में चर्चा की जा सकती है। आज की अन्य प्रमुख खबरें… श्रीनगर में 5 आतंकवादी सहयोगियों पर PSA के तहत मामला दर्ज किया श्रीनगर पुलिस ने 5 आतंकवादी सहयोगियों के खिलाफ पब्लिक सेफ्टी एक्ट (PSA) के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस ने कहा कि तीनों श्रीनगर के अलग-अलग इलाकों के रहने वाले है। इनके नाम नईम अहमद खान, फैजान अख्तर भट , मेहराज उद दीन, उमर हामिद शेख और सुहैब शफी बाबा उर्फ ​​चमना हैं। जम्मू-कश्मीर के कठुआ में 3 संदिग्ध आतंकी दिखे, सर्च ऑपरेशन शुरू जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले के हीरानगर में सोमवार को संदिग्ध आतंकियों की गतिविधि देखी गई। इसके बाद सुरक्षाबलों ने फॉरेस्ट एरिया में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। हीरानगर के सलाधी इलाके में एक नागरिक ने तीन संदिग्ध व्यक्तियों को देखा था। जॉइंट ऑपरेशन टीम संदिग्धों की तलाश में जुटी है। कठुआ और हाईवे के आसपास के इलाकों में सतर्कता बढ़ा दी गई है। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में एक महिला समेत 16 नक्सलियों ने सरेंडर किया छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में एक महिला समेत 16 नक्सलियों ने सोमवार को पुलिस के सामने सरेंडर किया। सुकमा एसपी किरण चौहान ने बताया कि इन 16 नक्सलियों पर कुल 25 लाख रुपए का इनाम था। इनमें बटालियन और अन्य डिवीजनों के नक्सली थे, जिनमें ओडिशा के कुछ नक्सली भी शामिल थे। बेंगलुरु में विराट कोहली के पब-रेस्टोरेंट के खिलाफ FIR, पब में स्मोकिंग जोन नहीं होने के कारण कार्रवाई कर्नाटक के बेंगलुरु की कब्बन पार्क पुलिस ने वन 8 कम्यून नाम के पब और रेस्टोरेंट के खिलाफ COTPA एक्ट (Cigarettes and Other Tobacco Products Act) के उल्लंघन के आरोप में स्वतः संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज किया है। भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली इस पब-रेस्टोरेंट के मालिक हैं। पब में कोई स्मोकिंग जोन नहीं है, जिसके कारण पुलिस ने यह कार्रवाई की है। पूरी खबर पढ़ें… जम्मू रेलवे स्टेशन पर बम की धमकी भरा कॉल, जांच के बाद फर्जी निकला; फोन करने वाले की तलाश जारी जम्मू रेलवे स्टेशन पर रविवार शाम एक अज्ञात कॉलर ने बम होने की खबर दी। इसके बाद स्टेशन पर दहशत फैल गई। जम्मू-कश्मीर पुलिस के एक सीनियर अधिकारी ने बताया कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जम्मू-कश्मीर पुलिस और रेलवे पुलिस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और पूरे इलाके की तलाशी ली गई। हालांकि, जांच के बाद कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। पुलिस ने पुष्टि की है कि यह झूठी कॉल थी और कॉल करने वाले का पता लगाने और उसकी पहचान करने की कोशिश जारी है। दिल्ली के छतरपुर में बहुमंजिला इमारत की दूसरी मंजिल पर आग, दमकल की 3 गाड़ियां पहुंचीं दिल्ली के छतरपुर में सोमवार की सुबह एक बहुमंजिला इमारत की दूसरी मंजिल पर भीषण आग लग गई। आग तेजी से फैलती गई और इमारत में घना धुआं फैल गया। मौके पर दमकल की तीन गाड़ियां पहुंचीं और आग पर काबू पाया। घटना छतरपुर के 60 फीट रोड के पास हुई। अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। मणिपुर के चुराचांदपुर जिले में भूकंप के झटके, तीव्रता 3.5 आंकी गई मणिपुर के चुराचांदपुर जिले में सोमवार की सुबह भूकम्प के झटके महसूस किए गए। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) के अनुसार, रिक्टर स्केल पर भूकम्प की 3.5 तीव्रता आंकी गई। भूकम्प सुबह 2 बजकर 55 मिनट पर आया था। इसका केंद्र जमीन से 15 किलोमीटर की गहराई पर था। चुराचांदपुर में इससे पहले 28 मई को भी 3.9 तीव्रता का भूकम्प आया था। भूकम्प के झटके सुबह 10 बजकर 23 मिनट पर महसूस हुए थे। श्री पद्मनाभस्वामी मंदिर में 8 जून को दोबारा की जाएगी प्राण प्रतिष्ठा, 270 साल बाद होगा ऐसा समारोह केरल के तिरुवनंतपुरम में श्री पद्मनाभस्वामी मंदिर का ‘महाकुंभाभिषेकम’ यानी विशेष पुनः प्राण प्रतिष्ठा समारोह 8 जून को आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम मंदिर के जीर्णोद्धार के बाद हो रहा है। इसकी तैयारियों के तहत ‘कलश पूजा’ की रस्में आज से शुरू हो गई हैं। इस मंदिर का पिछली बार नवीनीकरण सन् 1750 में त्रावणकोर के महाराजा मार्तंड वर्मा ने करवाया था। उसी समय उन्होंने प्रसिद्ध ‘त्रिप्पाडि दानम’ (मंदिर को समर्पण) भी किया था। अब लगभग 270 साल बाद फिर से इस प्रकार का स्तूप समर्पण किया जा रहा है। मंदिर का यह नवीनीकरण सुप्रीम कोर्ट द्वारा मार्च 2017 में नियुक्त विशेषज्ञ समिति की सिफारिशों के आधार पर किया गया, जिसमें कुछ मूर्तियों में नुकसान पाया गया था। जीर्णोद्धार के पहले चरण के तहत चार साल पहले तिरुवंबाडी श्रीकृष्णस्वामी मंदिर में चांदी का ध्वजदंड स्थापित किया गया था। कुंभाभिषेकम समारोह 8 जून को सुबह 7:40 बजे से 8:40 बजे के बीच संपन्न किया जाएगा। एयर मार्शल मनीष खन्ना को सदर्न एयर कमांड की जिम्मेदारी सौंपी गई, कार्यभार संभाला एयर मार्शल मनीष खन्ना ने रविवार को सदर्न एयर कमांड के एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ का पदभार संभाला। खन्ना को 1986 में एयरफोर्स में कमीशन किया गया था। उनके पास 4000 से ज्यादा घंटों तक फाइटर जेट उड़ाने का अनुभव है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *