भिंड-अटेर मार्ग पूरी तरह बंद:रेलवे फाटक पर स्टील गर्डर रखने का काम जारी, शाम को आवागमन होगा शुरू

भिंड शहर से अटेर जाने वाले वाहनों के लिए आज 20 दिसंबर को रेलवे फाटक से आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया है। अटेर रोड स्थित रेलवे फाटक नंबर 50 पर रेलवे ओवरब्रिज निर्माण के तहत स्टील गर्डर रखने का कार्य झांसी रेल मंडल द्वारा लगातार किया जा रहा है। सुबह से ही रेलवे और प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।रेलवे फाटक पर भारी क्रेन और तकनीकी मशीनों की मदद से रेलवे ट्रैक के ऊपर स्टील गर्डर स्थापित किए जा रहे हैं। काम के चलते सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक फाटक को पूरी तरह बंद रखा गया है। सुरक्षा कारणों से इस दौरान ट्रेनों की आवाजाही भी अस्थायी रूप से रोकी गई है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि कार्य को निर्धारित समय में पूरा करने के लिए लगातार काम किया जा रहा है।रेलवे फाटक बंद होने के कारण भिंड शहर से अटेर की ओर जाने वाले वाहनों का रूट डायवर्ट किया गया है। ट्रैफिक पुलिस द्वारा अलग-अलग स्थानों पर बैरिकेडिंग लगाकर वाहनों को वैकल्पिक मार्गों की ओर मोड़ा जा रहा है, ताकि शहर में जाम की स्थिति न बने। मौके पर पुलिस बल तैनात है और वाहन चालकों को मार्ग की जानकारी दी जा रही है। झांसी रेल मंडल के अधिकारियों के अनुसार रेलवे ओवरब्रिज निर्माण का यह महत्वपूर्ण चरण है। स्टील गर्डर स्थापित होने के बाद आगे स्लैब निर्माण और सड़क कार्य को गति मिलेगी। रेलवे प्रशासन का कहना है कि ओवरब्रिज के पूरा होने से भविष्य में भिंड शहर को बार-बार फाटक बंद रहने की समस्या से स्थायी राहत मिलेगी।प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि कार्य पूर्ण होने तक संयम बनाए रखें और निर्धारित डायवर्शन मार्गों का ही उपयोग करें, जिससे काम बिना किसी व्यवधान के सुरक्षित तरीके से पूरा हो सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *