भिंड के अटेर क्षेत्र के सुरपुरा थाना क्षेत्र के सोने लाल का पुरा गांव में सोमवार सुबह एक युवक का शव खेत में पड़ा मिला। मृतक की पहचान सुरेंद्र (40) पुत्र छदामी लाल जाटव के रूप में हुई है। शरीर पर चोटों के निशान मिलने से पुलिस हत्या की आशंका जता रही है। टीम मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। रात में गोंड़ा में सोने गया था युवक
परिजनों के अनुसार, सुरेंद्र रविवार की रात करीब आठ बजे घर से सोने के लिए गोंड़ा (पशुओं के रखने की जगह) गया था। वह बकरियों की रखवाली कर रहा था। सुबह जब ग्रामीण खेतों की ओर गए तो उन्होंने करीब 200 मीटर दूर सुरेंद्र का शव देखा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। चारपाई पर मिला मोबाइल
पुलिस जांच में सामने आया कि युवक का मोबाइल उसकी चारपाई पर ही रखा मिला, लेकिन वह खुद 200 मीटर दूर खेत में मृत अवस्था में मिला। शरीर पर चोटों के निशान है। यह सवाल उठ रहा है कि आखिर वह रात में वहां तक कैसे पहुंचा? क्या किसी ने उसे जबरन घसीटा या किसी के साथ संघर्ष हुआ? पुलिस इन बिंदुओं पर गहराई से जांच कर रही है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम को बुलाया। हालांकि, पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी। परिजनों ने शव उठाने से रोका, धरने पर बैठे मामले की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर इकट्ठा हो गए। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग की। गुस्साए परिजन धरने पर बैठ गए और शव को उठाने से इनकार कर दिया। पुलिस ने समझाइश देकर मामला शांत कराने की कोशिश की। थाना प्रभारी बोले – हर पहलू की होगी जांच
घटना स्थल पर पहुंचे उप निरीक्षक नरेश निरंजन ने बताया कि हर एंगल से मामले की जांच की जा रही है। परिजनों और ग्रामीणों के बयान लिए जा रहे हैं। जांच के बाद ही हकीकत सामने आएगी।


