भिंड नगर पालिका में घोटालेबाज अफसर के दो दलाल गिरफ्तार:संबल योजना की राशि हड़पने के लिए उपलब्ध कराते थे फर्जी बैंक अकाउंट

भिंड नगर पालिका में संबल योजना के तहत करोड़ों रुपये के फर्जीवाड़े के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। योजना में गड़बड़ी कर सरकारी राशि हड़पने वाले अधिकारी के दो दलालों को भिंड पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया गया है। भिंड नगर पालिका में संबल योजना के तहत करीब तीन करोड़ रुपये के घोटाले का मामला सामने आया था। इस मामले में संबल योजना प्रभारी रहे राजेंद्र सिंह चौहान पर मुख्य आरोप है। वह बीते करीब तीन वर्षों से फरार चल रहा था, जिसे पुलिस ने नवंबर माह में विदिशा से गिरफ्तार किया था। बताया गया कि पुलिस जब आरोपी तक पहुंची, तब वह क्रिकेट खेल रहा था। इसके बाद पुलिस उसे उसकी गाड़ी समेत भिंड लेकर आई थी।पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी राजेंद्र चौहान ने अपने साथ काम करने वाले दो दलालों के नाम उजागर किए। भिंड सीएसपी निरंजन राजपूत के अनुसार आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने प्रदीप और अरविंद सिंह की तलाश शुरू की थी। दोनों आरोपी संबल योजना की राशि निकालने के लिए अपने परिचितों और रिश्तेदारों के बैंक खातों की व्यवस्था करते थे और फर्जी तरीके से योजना की रकम हड़पते थे।पुलिस ने बुधवार को कार्रवाई करते हुए दोनों दलालों को भिंड शहर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की गहन विवेचना में जुटी है और अन्य संलिप्त लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *